
शीर्षक- धरती आबा बिरसा मुंडा
विधा- कविता
जनक्रांति के महानायक
वन की धरती पर जन्मा, एक वीर महान था,
भारत माँ का सच्चा बेटा, देश का अभिमान था।
जनजातीय गौरव की खातिर, जिसने बिगुल बजाया था,
अन्यायों के अंधकार में, स्वाभिमान जगाया था।
धरती आबा नाम मिला, जन-जन का विश्वास बने,
शोषित और वंचित लोगों के, आशा के प्रकाश बने।
जल, जंगल और जमीन की, आवाज बुलंद की थी,
अपने हक की खातिर उसने, नई क्रांति आरंभ की थी।
अंग्रेजी शासन के आगे, कभी न शीश झुकाया था,
स्वतंत्रता की अलख जगाकर, जन-जन को समझाया था।
साहस, त्याग और बलिदान की, अमर कहानी लिख गए,
छोटी-सी जीवन यात्रा में, इतिहास नया रच गए।
आज भी उनकी वीर गाथा, हर दिल में मुस्काती है,
बिरसा मुंडा की गौरव गाथा, हमको राह दिखाती है।
आओ उनके आदर्शों को, जीवन में अपनाएँ हम,
एकता, शिक्षा और स्वाभिमान से, भारत को सजाएँ हम।
धरती आबा अमर रहेंगे, गूँजेगा उनका नाम,
शत-शत नमन बिरसा बाबा, तुमको मेरा प्रणाम।
रचनाकार – नंदकिशोर गौतम
माध्यमिक शिक्षक
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकोड़ी,
विकासखंड – कुरई, जिला – सिवनी, मध्य प्रदेश।












