
तुलसी दुल्हन आज बनी हैं, लाल चुनरिया धार।
शालिग्राम बने हैं दूल्हा, सजा हुआ दरबार।
मंगल गीत सुनाती सखियाँ, गूँजे जय-जयकार।
भक्ति भाव से आज मनाएँ, पावन यह त्योहार॥
गेंदे के सुंदर पुष्पों से, सजा हुआ घर-द्वार।
दीप जलाकर भक्त सजाते, तुलसी का श्रृंगार।
शंखनाद के साथ गूँजें, हरि के मंगल गान।
तुलसी-हरि के शुभ परिणय से, पुलकित सकल जहान॥
औषधियों का सार समेटे, तुलसी का वरदान।
आँगन की शोभा कहलाती, देती जीवनदान।
शुद्ध वायु और शुद्ध विचारों, का देती संदेश।
सेवा, श्रद्धा, प्रेम भावना, संस्कृति का परिवेश॥
तुलसी-हरि के पावन बंधन, का यह शुभ संस्कार।
प्रेम, समर्पण और निष्ठा का, देते हैं उपहार।
मन के आँगन में भी अपने, श्रद्धा के दीप जलाएँ।
सद्भावों की मधुर सुगंध से, जीवन महकाएँ॥
डॉ. सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार












