
कटंगी (जबलपुर एक्सप्रेस)। प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था साहित्य संगम तिरोड़ी के तत्वावधान में हास्य-व्यंग्य के सशक्त हस्ताक्षर, संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष कवि दिनेश देहाती की षष्ठीपूर्ति (60वाँ जन्मदिवस) के पावन अवसर पर एक भव्य त्रि-राज्यीय कवि समागम एवं काव्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
दिनेश देहाती जी के दीर्घ साहित्यिक अवदान एवं काव्य-साधना को समर्पित इस गौरवमयी आयोजन में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ के 50 से अधिक वरिष्ठ, प्रतिष्ठित एवं प्रतिभाशाली कवि एक ही मंच पर काव्य-पाठ करेंगे, जिसमें महाराष्ट्र (नागपुर) से अंतर्राष्ट्रीय हास्य-व्यंग्य कवि अमन रंगीला ‘अमन सनातनी’ भी विशेष रूप से आमंत्रित हैं। त्रि-राज्यीय स्तर का यह काव्योत्सव पूरे अंचल के लिए गौरव का विषय है।
इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में साहित्य के सच्चे सारथी कैप्टन किशोर करैया जी को साहित्य संगम तिरोड़ी द्वारा ‘साहित्य सारथी सम्मान – 2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
दिनांक : 10 अक्टूबर 2026, शनिवार
समय : प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक
स्थान : न्यू रॉयल सामुदायिक भवन, पुरानी तिरोड़ी
आयोजक मंडल में अविनाश देशमुख, विजय बघेले, विकास सनोडिया, ऋषिकेश ऋषि, डॉ. आशीष नंदा सहित समस्त साहित्य संगम तिरोड़ी परिवार सक्रिय है। आयोजक मंडल ने अंचल के समस्त साहित्य-अनुरागियों, काव्य-प्रेमियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से इस ऐतिहासिक काव्योत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पधारने का आत्मीय आह्वान किया है।













