
विधा: चालीसा
माँ कूष्मांडा चालीसा
*दोहा*
हाथ जोड़ कर वंदना, करते हैं दिन रात।
सुन लो विनती”राम”की,अब कूष्मांडा मात।।
भक्ति भाव से मातु नित, करते हैं गुणगान।
मातु शरण में लीजिए,अपना सेवक जान।।
||चौपाई||
अष्टभुजाओं वाली माता।सकल जगत की भाग्यविधाता।।
धनुष बाण कर गदा निराली।हाथ कमंडल स्वर्णिम प्यारी।।
दाएं कर में जप की माला।रूप मातु का गजब निराला।।
कमल फूल कर में अति प्यारा। अमृत कलश हाथों में न्यारा।।
सूर्य केन्द्र निवास है माता। स्वर्णिम आभा की हैं दाता।
चौथा स्वरूप दुर्गा माई। जिसने सारी सृष्टि बनाई।।
चम-चम चमके रवि सम काया।जिसमें सारा जगत समाया।।
मातु शेर की करें सवारी।न्याय प्रिया जग पालनहारी।।
ज्ञान पुंज करुणा की सागर। आदिशक्ति समरथ भटनागर।।
कष्ट निवारण मंगलकारी। तीनों लोकों की अधिकारी।।
मालपुआ का भोग चढ़ाता।पेठा माँ के मन अति भाता।।
पीर हृदय की हरने वाली।खाली झोली भरने वाली।।
शक्ति स्वरूपा अंतर्यामी।सत्य सनातन की अनुगामी।।
ब्रम्हरूपिणी शिव की जाया। पराशक्ति ब्रह्मांड निकाया।।
सर्व विदित माँ तेरी माया।सकल सृष्टि माँ तेरी छाया।।
सुर नर मुनि सब तुमको ध्याते।भक्ति भाव से महिमा गाते।।
सकल सृष्टि की तुम्हीं प्रणेता। नहीं आप सा अन्य प्रचेता।।
सिर पर चुनरी लाल सुहाए।अक्षमाला गल में लटकाए।।
माथे स्वर्णिम मुकुट निराला। नेत्र धधकती भीषण ज्वाला।।नारंगी पीले पट धारे।बड़े-बड़े नैना कजरारे।।
कानों में कुण्डल अति प्यारे। रत्नजड़ित कंगन कर न्यारे।।
बाल घने काले घुँघराले।हार नौलखा गल में डाले।।
माथे स्वर्णिम बिन्दी प्यारी।पाँव पैंजनी पहने न्यारी।।
तीनों लोकों की महरानी। अष्टसिद्धियों की वरदानी।।
धर्म ध्वजा की माँ हो वाहक।सत्य सनातन की संवाहक।।
असुर निकंदन भव भय भंजन। तुम प्राणवायु नाड़ी स्पंदन।।
सकल कलाओं की हो ज्ञाता।गेंदा गुलाब मन अति भाता।।
ब्रम्हवेद माँ तेरी वाणी। जिसको सुन तर जाते प्राणी।।
जगत चेतना जीवनदाई।हरती सबकी पीर पराई।।
जड़ चेतन घट-घट की वासी।मेटो मन की मातु उदासी।।
भक्ति भाव से तुमको ध्याते।चरणों में नित शीश झुकाते।।
हर लेतीं उसकी हर बाधा।नीति नियम व्रत जिसने साधा।।
काल कभी भी निकट न आता।जो भी माँ को मन से ध्याता।।
जो भी माँ का होम कराता। नहीं कभी भी कष्ट सताता।।
माँ की महिमा जो भी गाता।अंतकाल सद्गति को पाता।।
जिसने मन से मातु पुकारा।उसको देतीं शीघ्र सहारा।।
गूँगा भी लगता है गाने।देखन लगते अंधे काने।।
पंगु शैल पर झट चढ़ जाता।कृपा मातु बहरा सुन पाता।।
माँ के दर जो ज्योति जलाता।हर दिन घर में पाठ कराता।।
जो पढ़ता है नित चालीसा। नहीं नरक में जाता पीसा।।
*दोहा*
सगुण भक्ति का दान दे,करो हृदय में वास।
दास समझ इस”राम”को,रखना हरदम पास।।
राम जी तिवारी"राम"
उन्नाव (उत्तर प्रदेश)











