
कालरात्रि का रंग घना है,
अन्धकार जैसा काला।
बिखरे केश, गले में चमके,
मुण्डमाल सुन्दर माला।।
त्रिनेत्रिधारी कक्षॅ सुगोल हैं,
ज्यों ब्रह्माण्ड गोल सुनिये।
वाहन गधा, चतुर्भुज इनके,
है कटार, काँटा गुनिये।।
बड़ा भयानक रुप भयंकर,
देती है सबको शुभ फल।
शुभंकरी कहलाती हैं ये,
गुड़ का भोग और गुड़हल।।
इन्हें परम प्रिय, जीवन में भय,
संकट, वैर-भाव टलते।
बढ़ता साहस, आत्मज्ञान अरु,
मन के सब कुभाव हटते।।
रचनाकार-
जुगल किशोर त्रिपाठी (साहित्यकार)
बम्हौरी, मऊरानीपुर, झाँसी (उ०प्र०)











