
स्वागत है : हिंदी–तेलुगु–संस्कृत का त्रिवेणी संगम
हैदराबाद:
प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा एवं एस. एच. एम. वी. फाउंडेशन, हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर 10 जनवरी 2026 को हैदराबाद में त्रिभाषा सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
एस. एच. एम. वी. फाउंडेशन भारतीय भाषाओं, साहित्य, संस्कृति, सनातन परंपरा एवं मानवीय मूल्यों के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार हेतु समर्पित एक सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था है। फाउंडेशन हिंदी, तेलुगु एवं संस्कृत जैसी प्राचीन एवं समृद्ध भाषाओं के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर सक्रिय है।
फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. गुंडाल विजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि त्रिभाषा सम्मेलन में मुख्य अतिथि डॉ. धर्म प्रकाश वाजपेयी (दिल्ली) होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रावी नूतला शशिधर जी आमंत्रित हैं।
सम्मेलन में तीनों भाषाओं के प्रतिष्ठित विद्वान वक्ता अपने विचार प्रस्तुत करेंगे—
तेलुगु वक्ता: आचार्य कसी रेड्डी वेंकट रेड्डी जी, पूर्व अध्यक्ष, तेलुगु विभाग, उस्मानिया विश्वविद्यालय।
संस्कृत वक्ता: चिलकमर्री लक्ष्मीनाथ आचार्य जी, सेवानिवृत्त उपन्यासक एवं अध्यक्ष, संस्कृत भारती ट्रस्ट, तेलंगाना।
हिंदी वक्ता: गजेन्द्र पाठक जी, वरिष्ठ प्रोफेसर एवं अध्यक्ष, हिंदी विभाग, हैदराबाद विश्वविद्यालय।
त्रिभाषा सम्मेलन के पश्चात सम्मान समारोह एवं काव्य-गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों से पधारे कवि, कवयित्रियाँ, रचनाकार एवं साहित्यकार अपनी सृजनात्मक प्रस्तुतियाँ देंगे।
प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा के संस्थापक कवि संगम त्रिपाठी ने बताया कि इस अवसर पर प्रदीप मिश्र ‘अजनबी’ (महासचिव, प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा, दिल्ली) एवं राजवीर शर्मा (वरिष्ठ पत्रकार, अम्बाह-मुरैना) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
समस्त राष्ट्र से पधारने वाले भाषा-प्रेमी कवियों, साहित्यकारों एवं संस्कृतिकर्मियों का हार्दिक स्वागत है।
— डॉ. गुंडाल विजय कुमार
संस्थापक
एस. एच. एम. वी. फाउंडेशन, हैदराबाद












