
अगर आप अपने जीवन में वाकई कुछ बड़ा करना चाहते हैं, तो यह ब्लॉग सिर्फ आपके लिए है। आज हमारे आस-पास ऐसे अनगिनत लोग हैं, जो बेहतरीन टैलेंट होने के बावजूद सिर्फ इसलिए पीछे रह जाते हैं क्योंकि वे ‘कम्युनिकेशन’ (संवाद) का सही उपयोग करना नहीं जानते। बोलना तो हम सभी जानते हैं, लेकिन किस जगह, किससे और कैसे बोलना है, यह समझ बहुत कम लोगों में होती है।
वाणी एक ऐसा वरदान है जिससे आप चाहें तो किसी का दिल जीत सकते हैं, और न संभालें तो बना-बनाया काम बिगाड़ सकते हैं।
आजकल जब मैं सोशल मीडिया पर कुछ तथाकथित इन्फ्लूएंसर्स को देखती हूँ, तो बहुत दुख होता है। वे अपनी रील्स और वीडियोज में धड़ल्ले से अपशब्दों और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनका वीडियो कोई बड़ा-बुजुर्ग देख रहा है या बच्चा। उनका मकसद सिर्फ सनसनी फैलाकर लोगों का ब्रेनवाश करना और व्यूज बटोरना होता है।
लेकिन याद रखिए, यह सही कम्युनिकेशन नहीं है। संवाद में ‘विवेक’ का होना सबसे जरूरी है।
अगर आप कम्युनिकेशन के एक्सपर्ट बन जाते हैं, तो जीवन बहुत सरल हो जाता है। आप जीवन में जो चाहें, वो हासिल कर सकते हैं। जब आपकी वाणी में मिठास और विवेक होता है, तो लोग आपकी तरफ खिंचे चले आते हैं। इससे आपके नेटवर्क और कॉन्टैक्ट्स बढ़ते हैं, समाज में आपका नाम होता है और यकीन मानिए—पैसे और अवसरों की कभी कमी नहीं होती। इसके विपरीत, कमजोर कम्युनिकेशन और अपशब्दों से आप अपनी बनी-बनाई साख भी खो सकते हैं।
इसलिए, अगली बार जब आप किसी से बात करें, तो दो सेकंड रुकें और सोचें कि आप क्या बोल रहे हैं। अपनी स्पीच पर गौर करें। हर दिन नए लोगों से मिलें और अपनी झिझक खोलें। सारा खेल इस बात का है कि आप अपनी बात दूसरों के दिल तक कैसे पहुँचाते हैं। सोच-समझकर बोलें, विवेक से बोलें!
दिशा शाह कोलकाता पश्चिम बंगाल













