Uncategorized
Trending

रावण की मृत्यु स्थगित है

हर साल तारीख तय है,
रावण का दहन भी तय,
जयघोषों के बीच मगर,
उसकी मृत्यु क्यों नहीं तय?

दस शीशों का पुतला जलता,
लपटें आकाश छू जाती हैं,
राख हवा में उड़ जाती है,
पर विसंगतियाँ रह जाती हैं।

अहंकार अब राजमुकुटों में,
अन्याय न्याय की भाषा में,
लोभ छिपा है धर्म-कर्म में,
छल रिश्तों की परिभाषा में।

क्रोध कहीं तलवार बना है,
कहीं शब्द करते है वार।
पीठ पीछे पलती ईर्ष्या,
मोह विवेक का करती नाश।

निर्दोष होने पर भी सीता,
अब भी अग्नि परीक्षा देती है।
मर्यादा नैतिकता अब भी,
खामोशी से सर झुकाये रहती है।

स्वर्ण-मृगों के पीछे भागे,
आज भी मन के राम यहाँ,
छल के चेहरे पहचान न पाते,
बिखर रहे कितने ही जहाँ।

विभीषण सच कहने निकले,
तो गद्दार कहे जाते हैं,
मंथरा के विष से रिश्ते
आज भी टूटे जाते हैं।

दस शीशों की बात पुरानी,
अब सौ-सौ चेहरे दिखते हैं,
सत्य, न्याय और नैतिकता के
मुखौटे ओढ़े फिरते हैं।

हर साल रावण जलता है,
हर साल पर्व मनाते हैं,
जब तक अन्याय जीवित है,
विजयादशमी की जीत पूरी नहीं।

रावण की मृत्यु स्थगित है,
यह केवल कहने की बात नहीं,
जिसे जलाते हैं हर वर्ष,
अंत उसका हुआ ही नहीं।

अबकी बार प्रश्न उठाएँ,
उत्सव से आगे जाएँ,
किसी पुतले की राख नहीं,
बदलाव के प्रमाण दिखाएँ।

तब केवल तिथि नहीं बदलेगी,
इतिहास नया लिख जाएगा,
विजयादशमी का अर्थ उसी दिन
अपने शिखर पर पहुँच पायेगा।

डॉ. दीप्ति खरे
मंडला(मध्य प्रदेश)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *