
प्रभु श्री राधा गोपीनाथ जी महाराज की कृपा से संचालित कल्पकथा साहित्य संस्था परिवार की संवाद प्रभारी ज्योति राघव सिंह ने बताया कि कल्प भेंटवार्ता कार्यक्रम में फरीदाबाद हरियाणा की प्रबुद्ध साहित्यकार एवं समाजसेवी श्रीमती कीर्ति त्यागी को कल्प भेंटवार्ता पत्रम से सम्मानित किया गया।
डॉ श्रीमती मंजू शकुन खरे के संयोजन के प्रेरक संवाद कार्यक्रम में प्रश्नों के उत्तर देते हुए कीर्ति जी ने कहा कि ऐसा लिखो जो समाज को सही दिशा दे, पाठक आपके द्वारा लिखी गई कहानी या कविता में खुद को ढूंढें, लिखो जो समाज को जागृत करे।
कल्पकथा के यूट्यूब चैनल पर सीधे प्रसारण के कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथि साहित्यकार को सम्मानित करते हुए कल्पकथा साहित्य संस्था परिवार की संस्थापक दीदी श्रीमती राधा श्री शर्मा ने सभी सृजनकर्ताओं का आवाह्न किया कि वह अपना स्वयं का मौलिक सृजन करें। किसी के जैसा लिखने या किसी के जैसा पढ़ने से आप अपनी पहचान नहीं बना सकते इसलिए आप विचार करते हैं वही लिखें अपनी पहचान स्वयं गढ़ें।
चार चरणों क्रमशः व्यक्तिगत परिचय, साहित्यिक यात्रा, दर्शकों के प्रश्न, और चटपटे प्रश्न अटपटे उत्तर, के विशिष्ठ आयोजन के अंत में वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत का गायन किया गया। तत्पश्चात आमंत्रित अतिथियों, सहभागी साहित्यकारों, एवं दर्शकों का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम को विश्राम दिया गया।











