Uncategorized
Trending

यह कैसी तकरार लड़ाई |

यह कैसी तकरार लड़ाई |
बात किसी को समझ न आई ||
दादागीरी की ज़िद देखो |
अमरीका ने आग लगाई ||
यह कैसी तकरार लड़ाई |

यह कैसा कानून कायदा |
देखें अपना सिर्फ फायदा ||
यू एन ओ धृतराष्ट्र बना है |
दिखे ना उसको कहीं आपदा ||
आज समय लेता अंगड़ाई |
यह कैसी तकरार लड़ाई |

यूक्रेन को धमकाता रसिया |
यू एस ए की चालें घटिया ||
रखते बड़ी नाक मतवाले |
कातिल चाल चलें नटखटिया||
केवल अपनी दिखे भलाई |
यह कैसी तकरार लड़ाई |

पाक बड़ा नालायक लगता |
जिसका खाता उसको ठगता ||
हमला करता अफगानों पर |
बारूदों से स्वयं सुलगता ||
बढ़ा रहा आतंक कसाई |
यह कैसी तकरार लड़ाई |

किम जोंगुन की बात निराली |
करे नित्य आघात मवाली ||
सनक मिजाजी उसकी शातिर|
निंदनीय है न्याय प्रणाली ||
मिसाइलें उसने चलवाई |
यह कैसी तकरार लड़ाई |

भले देश छोटा इजरायल |
है अमेरिका उसका कायल ||
कैसी जंग छिड़ी है भाई |
कदम कदम मानवता घायल ||
समझ गई दुनिया कुटिलाई |
यह कैसी तकरार लड़ाई |

खेल तेल का हर दिन चलता |
मन में खोट इरादा पलता ||
दबा रहे दीगर देशों को |
यह “संतोष” खेल अब खलता ||
जगजाहिर इनकी चतुराई |

यह कैसी तकरार लड़ाई |

संतोष नेमा “संतोष”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *