Uncategorized
Trending

आसमान थे पापा

वटवृक्ष से विशाल थे पापा
हम बच्चों के संसार थे पापा
हम सब उनके पत्ते और शाखाएं हैं
धूप में शीतल छाया थे पापा
बारिश में सिर पर छाता थे पापा
सारे कष्टों को रोक सके
वैसे दृढ़ प्रहरी थे पापा
जो दिखने पर कड़वे लगते
पर शक्ति दायिनी नीम थे पापा
उनके कड़वे शब्द हमारे लिए एक शिक्षा थी
हर ठोकर से लड़ने की एक सफल दीक्षा थी
महानता की नींव थे पापा
हमारे जीवन का श्रेष्ठ संस्कार थे पापा
जब हम अबोध और नादान थे
सारी जरूरतों को पूरी करते थे पापा
हमारी पेट भरने की खातिर
खुद भुखे रह जाते थे पापा
त्याग की प्रतिमूर्ति थे पापा
सारी दुनिया की सैर कराते
वो मजबूत कंधे थे पापा
जिस तरह ईश्वर दिखते नहीं
सिर्फ महसूस किए जाते हैं
उसी तरह पिता के प्रेम दिखते नहीं
सिर्फ महसूस किये जाते हैं
प्रेम के सागर थे पापा
अनुशासन में महान थे पापा
हम सबके आदर्श थे पापा
आगे बढ़ने का साहस थे पापा
हमारे लिए ईश्वर का उपहार थे पापा
चुका न पायेंगे पापा का कर्ज
चाहे निभा लें कितने भी फर्ज
हर पीड़ा को स्वयं सह लेते
फिर भी मुँह से कभी आह न करते
अपने लिए अभाव सहते
पर हमारी हर खुशी पूरी करते थे पापा
सब अपने थे जब जीवित थे पापा
हो गए बेगाने सब जब नहीं हैं पापा
संबंधों को जोड़ने वाले पुल थे पापा
हम सबके पहचान थे पापा
सागर की गहराई थे पापा
हम सबके अभिमान थे पापा
हमारे लिए धैर्य और विश्वास थे पापा
हिम्मत और बलिदान थे पापा
पूरा करते हर अरमान थे पापा
हम सबके सम्मान थे पापा
प्राची में उगते सूर्य थे पापा
जीवित रूप में भगवान थे पापा
चांद तारे और आसमान थे पापा
हमारे जीवन का सम्पूर्ण जहान थे पापा

रवि भूषण वर्मा
राँची झारखंड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *