
ज़रा परदा हटा दे श्याम, तेरा दीदार हो जाए,
मेरे सूने पड़े दिल में, खुशी की बहार हो जाए॥
तेरी यादों के दीपक से, उजाला कर लिया मैंने,
तेरे चरणों की धूलि को, सहारा कर लिया मैंने।
एक नज़र प्रेम से देखो, मेरा उद्धार हो जाए,
ज़रा परदा हटा दे श्याम, तेरा दीदार हो जाए॥
न धन की चाह, न वैभव की, न ऊँचे सिंहासन की,
तमन्ना है तो बस इतनी, छाँव मिले तेरे दामन की।
तेरे चरणों में कट जाए, जो जीवन सार हो जाए,
ज़रा परदा हटा दे श्याम, तेरा दीदार हो जाए॥
कभी मुरली की धुन बनकर, मेरे मन में उतर जाना,
कभी सावन की फुहारों सा, मेरे आँगन बिखर जाना।
तेरे नाम का जप करते-करते, यह संसार पार हो जाए,
ज़रा परदा हटा दे श्याम, तेरा दीदार हो जाए॥
जब अंतिम श्वास चलती हो, तेरा नाम जुबाँ पर हो,
मेरी आँखों में बस तेरी, छवि का मधुर समंदर हो।
तेरी कृपा का एक कतरा, जीवन का हार हो जाए,
ज़रा परदा हटा दे श्याम, तेरा दीदार हो जाए,
रीना पटले शिक्षिका
शासकीय हाई स्कूल ऐरमा कुरई
जिला-सिवनी मध्यप्रदेश













