
लखनऊ -सैनिक नगर में प्रख्यात कवयित्री एवं साहित्यकार डॉ. सुभद्रा द्विवेदी सहित अनेक मूर्धन्य कवियों, साहित्यकारों एवं समाजसेवियों को काशी हिन्दी विद्यापीठ, वाराणसी द्वारा ‘विद्यासागर’ (डी.लिट. के समतुल्य) तथा ‘विद्यावाचस्पति’ (पीएच.डी. के समतुल्य) मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया।
श्री जन कल्याणेश्वर महादेव मंदिर, सैनिकनगर, लखनऊ में आयोजित गरिमामय समारोह में काशी हिन्दी विद्यापीठ के कुलाधिपति -सुखमंगल सिंह ‘मंगल’, कुलसचिव -कवि इन्द्रजीत तिवारी ‘निर्भीक’ तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में, कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं अध्यक्ष डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’ के संरक्षण में यह सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ।
समारोह में डॉ .सुभद्रा द्विवेदी, ज्ञान प्रकाश मिश्र, राजेन्द्र शंकर मिश्र, अनिता मिश्रा दुबे एवं डॉ. रंजना द्विवेदी को ‘विद्यासागर’ की मानद उपाधि प्रदान की गई। वहीं मीरा शुक्ला एवं रचना दूबे को ‘विद्यावाचस्पति’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभी सम्मानित साहित्यकारों को काशी हिन्दी विद्यापीठ की ओर से गीत ऋषि स्व. गोपालदास नीरज स्मृति सम्मान, अंगवस्त्र, मेडल एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कवि इन्द्रजीत तिवारी ‘निर्भीक’ ने सम्मानित साहित्यकारों के साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने काशी हिन्दी विद्यापीठ के कुलाधिपति, उपकुलपति एवं कुलसचिव की ओर से भी सभी सम्मानित साहित्यकारों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं श्री जन कल्याणेश्वर महादेव मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’ ने सभी सम्मानित साहित्यकारों, काशी हिन्दी विद्यापीठ के पदाधिकारियों, उपस्थित गणमान्य अतिथियों तथा मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर आचार्य धर्मेन्द्र जी-पूर्व कुलपति- वीर कुंवर सिंह विश्व विद्यालय आरा, बिहार, अंतरराष्ट्रीय कवि एवं गीतकार डॉ. जय सिंह आर्य -दिल्ली-, नाट्य रंगकर्मी विजय कुमार गुप्ता, पूर्व सूबे मेजर, डॉ . नन्द कुमार साहू, युवा अमित कुमार शर्मा,विजय कुमार गर्ग (सभी कवि एवं साहित्यकार), मंदिर समिति के आचार्य पंडित बृजेश कुमार मिश्र, उपाध्यक्ष कैप्टेन डी डी सिंह, इंजी. एस .बी .सिंह, इंदू सिंह और प्रियंका तिवारी भी उपस्थित रहे।













