बम्हौरी के पं० जुगल किशोर त्रिपाठी ने फिर किया क्षेत्र का नाम रोशन, गाँव वालों ने किया स्वागत

मऊरानीपुर! शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को हिन्दुस्तानी अकादमी, प्रयागराज में जगदीश साहित्य संस्थान प्रयागराज और काशी हिन्दी विद्यापीठ वनारस के सौजन्य से प्रयागराज में हुए भव्य राष्ट्रीय कवि-सम्मेलन में मानद सम्मान और वाचस्पति सम्मान लेकर लौटे पं० जुगल किशोर त्रिपाठी का गाँववालों ने फूलमालाओं से सम्मान किया। इस अवसर पर श्री त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें मानद सम्मान स्वरुप विद्यावाचस्पति सम्मान, शाॅल, रेशमी वस्त्र और स्मृति-चिन्ह तथा स्मारिका काशी हिन्दी विद्यापीठ बनारस के कुलसचिव डाॅ० इन्द्रजीत तिवारी और जगदीश साहित्य संस्थान प्रयागराज की संस्थापिका जगदीश कौर की ओर से सप्रेम भेंट की गयी। श्री त्रिपाठी ने गाँववालों को बताया कि यह सम्मान मेरा नहीं, आप सभी का सम्मान है। यह इस जन्म-भूमि की मिट्टी का प्रताप है, जो आज मैं यहीं से पोषित, पल्लवित और फलित होकर सब जगह इस मिट्टी की सुगन्ध बिखेर रहा हूँ। मुझे अपनी कविताओं, कहानियों और गीतों तथा आलेखों में अपनी मिट्टी की सुगन्ध हमेशा महसूस होती है। हमारे गुरुओं, आराध्य और बड़े-बूढ़ों तथा माता-पिता के आशीर्वाद और प्रेरणा से ही आज मैं उस स्थान को छू सका हूँ जो सबकी प्रगाढ़ अभीप्सा होती है। विद्यावाचसपति श्री त्रिपाठी ने सबको बहुत-बहुत धन्यवाद देकर सबका आभार व्यक्त किया।










