
रिटायरमेंट का आनन्द लीजिये
मेरे पेन्शन पाने वाले प्यारे मित्रों,
अब ना ही कोई पदोन्नति होना है
ना ही कोई पदावनति होना है।
कोई सेवा विस्तार नही होना अब
सेवा से निष्कासन का भी डर ना,
घर में ही रहना है अब घरवालों को
ही जवाब देना और उन्ही से है डरना।
स्पष्टीकरण नहीं देना साहब को
स्पष्टीकरण नहीं लेना किसी का,
रक्तचाप ना बढ़ने का कोई डर,
रक्तचाप ना कम हो जाने का डर।
मुख्यालय छोड़कर जाने की आज्ञा
ना ही अवकाश माँगने की कोई चिंता
ना आफ़िस समय पर आने की चिंता
ना आफ़िस से जल्दी जाने की चिंता।
चिंता बस एक अभी भी रहती है
आयकर पेंशन से काटे जाने की,
आयकर विवरणी दाखिल करने की
और कटा टैक्स वापस मिल जाने की।
कहते हैं सेवानिवृत्ति से घर में जम
कर रहने की छुट्टी मिल जाती है,
उन रिटायर्ड लोगों से पूछो भी तो
उनकी दिनचर्या कैसी हो जाती है।
कभी अस्पताल, कभी बाज़ार, कभी
रिश्तेदारी में भी जाना पड़ जाता है,
सामाजिकता के रिश्तों की मर्यादा
और उसके सिद्धांत निभाना होता है।
एक रिटायर्ड पेंशन पाने वाले की
ज़िम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है
आदित्य वरिष्ठ नागरिक बन कर के
उत्तरदायित्व की वरिष्ठता बढ़ जाती है।
डॉ कर्नल आदिशंकर मिश्र
‘आदित्य’, ‘विद्यावाचस्पति’
‘विद्यासागर’, लखनऊ










