
रद्दी वाला हर आए दिन आ जाता है,
मेरी भी गली में ज़ोर से आवाज़ लगाता है।
कानों में जब उसकी आवाज़ सुनाई पड़ी,
मैंने भी कहा— “रुकना भाई, ज़रा ठहरो घड़ी।”
मैंने अपने ही कबाड़ों को भाव लगा दिए,
और पूछ ही दिया— “कैसे किलो?”
कहने को तो सबका हिसाब अलग-अलग है,
मैंने भी कहा— चलो कोई बात नहीं,
कम से कम मेरी जगह तो ख़ाली होगी आज।
सारी बेकार की चीज़ें मैंने इकट्ठी करके रखी हैं,
जो आज उसे बेचनी हैं।
उन अख़बारों में छपे नाकामी के क़िस्से थे,
बच्चों की वे कॉपियाँ थीं, जिनमें कई सालों की मेहनत थी।
पुराने प्लास्टिक के डिब्बे थे,
जो कभी हमारे रसोईघर के साथी थे।
कई सारी पर्चियाँ भी थीं,
जिनमें साल भर के राशन के सामानों की लिस्ट थी—
वे हर सुख-दुख के साथी भी थे।
अख़बार, कॉपियाँ और डिब्बे—
तीनों ने अपनी जगह कहीं और बना ली,
कबाड़ी वाले के पास अपनी नई जगह ढूँढ ली।
और मेरे घर के कोने में फिर से चीज़ें जमा होने लगीं,
अगले साल फिर से उन सबके भाव लगा दिए जाएँगे।
पर इन आँसुओं की क़ीमत,
कौड़ियों का हिसाब लगाने वाले भला कहाँ समझ पाएँगे!
कवयित्री ज्योति बरनवाल











