Uncategorized
Trending

श्री जन कल्याणेश्वर मंदिर में संपन्न हुआ चौथे बड़े मंगल का भव्य एवं विशाल भंडारा

लखनऊ, 26 मई 2026।
ज्येष्ठ मास के चौथे बड़े मंगल के पावन अवसर पर सैनिक नगर स्थित श्री जनकल्याणेश्वर महादेव मंदिर में 18वें विशाल भंडारे का अत्यंत भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम बने इस आयोजन में लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
लखनऊ के प्रतिष्ठित भंडारों में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाला यह आयोजन हर वर्ष की भांति इस बार भी सायंकाल आयोजित किया गया, जहाँ श्रद्धालुओं को विधिवत कुर्सी-मेज पर बैठाकर सम्मानपूर्वक भोजन प्रसाद कराया गया। सैनिक नगर, सेनानी विहार, न्यू सैनिक नगर, न्यू शारदा नगर, रजनी खंड सहित आसपास की अनेक कॉलोनियों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवारों सहित शामिल हुए।
मंगलवार की शाम मंदिर परिसर में एक ओर महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन और सुंदर भक्ति गायन का वातावरण भक्तिमय ऊर्जा से सराबोर करता रहा, वहीं दूसरी ओर शाम पाँच बजे से विशाल भंडारे की सुव्यवस्थित तैयारियाँ प्रारम्भ हो गईं। श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी, छोला, चावल एवं शुद्ध देशी घी से बने हलवे का प्रसाद वितरित किया गया, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की। गर्मी को ध्यान में रखते हुए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की विशेष व्यवस्था भी 20-20 लीटर के केनों के माध्यम से की गई।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ने बताया कि भंडारे में लगभग तीन हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। जो श्रद्धालु किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके, उनके लिए भी भोजन प्रसाद पैक कर घर भेजने की व्यवस्था की गई। शाम साढ़े पाँच बजे प्रारम्भ हुआ यह विशाल आयोजन रात साढ़े दस बजे तक निरंतर चलता रहा।
पूरे आयोजन के सफल संचालन में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र, उपाध्यक्ष कैप्टेन डी.डी. सिंह, कैप्टेन जयराम ओझा, लेफ्टिनेंट रामचंद्र सिंह, लेफ्टिनेंट मोतीलाल वर्मा, जितेंद्र सिंह, सूबेदार बी.पी. चौबे एवं नायब सूबेदार आर.सी. सिंह सहित समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंदिर के आचार्य डॉ. बृजेश कुमार मिश्र का आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने में विशेष योगदान रहा।
विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि अस्वस्थ होने के बावजूद डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र स्वयं पूरे समय उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। आयोजन में कर्नल आर.बी. सिंह, कर्नल जगदीश बाबू, कर्नल बी.एस. तोमर सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ, बच्चे, युवा, वरिष्ठ नागरिक, श्रमिक एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग सम्मिलित हुए।
भक्ति, सेवा, अनुशासन और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बना यह विशाल भंडारा देर रात श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *