
सुनो! मेरी इन चलती साँसों में तेरा रहना ज़रूरी है,
अनकही नासमझ बातों को अब समझाना ज़रूरी है।
जहाँ कल तक बहते थे केवल प्रेम के निर्मल सोते,
वहाँ से अब बबूल के तीखे कांटों को हटाना ज़रूरी है।
लफ़्ज़ों की इस अदालत में गवाहियाँ तो बहुत होंगी,
मगर ख़ामोश आँखों के अश्कों को पढ़ना ज़रूरी है।
रिश्तों की नाज़ुक डोर उलझ जाती है अक्सर ही,
गाँठें खोलने की ख़ातिर थोड़ा झुक जाना ज़रूरी है।
अंधेरों की क्या मजाल जो अपने घर में घर कर लें,
उम्मीद का इक दीया चौखट पे जलाना ज़रूरी है।
वक़्त की धूल जम न जाए सुनहरी यादों पर,
पुरानी तस्वीरों से कभी धूल को हटाना ज़रूरी है।
ग़लत फ़हमियों के साये अक्सर रिश्तों को डसते हैं,
भरोसे की धूप में ज़रा उन्हें सुखाना ज़रूरी है।
कलम से लिख रही हूँ आज अपने दिल की हर धड़कन,
जो तुम तक पहुँचे ‘रजनी’, तो बताना ज़रूरी है।
रजनी कुमारी
लखनऊ उत्तर प्रदेश













