
धनबाद, 29 सितम्बर। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की इकाई सीसीएसओ, सरायढेला में आयोजित राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा के समापन समारोह में प्रख्यात कवयित्री एवं साहित्यकार पूर्णिमा सुमन जी को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी प्रभावशाली कविता-गीत प्रस्तुति से उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
पूर्णिमा सुमन की ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा। हिन्दी भाषा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा साहित्यिक योगदान की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने उनके रचनात्मक कार्यों की भूरी-भूरी सराहना की।
समारोह के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के साथ-साथ साहित्य एवं हिन्दी संवर्धन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पूर्णिमा सुमन को भी सम्मानित किया गया। उन्हें सेल-सीसीएसओ के कार्यपालक निदेशक श्री विनीत रावल एवं मुख्य महाप्रबंधक श्री जय प्रकाश के कर-कमलों द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर श्री विनीत रावल ने कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया, वहीं श्री जय प्रकाश ने राजभाषा हिन्दी के संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। समारोह का संचालन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री योगेंद्र कुमार पासवान एवं श्रीमती रंजीता कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन आकांक्षा कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कवयित्री पूर्णिमा सुमन ने इस सम्मान के लिए सेल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और राष्ट्रीय अस्मिता की वाहक है। हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है।












