विज्ञान भवन में पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने किया इंदु नांदल की पुस्तक ‘भारतीय हरित धरोहर’ का लोकार्पण

“पाँचवें विश्व रिकॉर्ड से जुड़ी पुस्तक में देश-विदेश के साहित्यकारों की सहभागिता, हिंदी, देशभक्ति और
पर्यावरण संरक्षण के सात वर्षों के प्रयासों को मिली नई पहचान”
नई दिल्ली- हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय इंदु नांदल की पुस्तक ‘भारतीय हरित धरोहर’ का लोकार्पण नई दिल्ली के प्रतिष्ठित विज्ञान भवन में पूर्व उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू द्वारा किया गया। विश्व हिंदी परिषद की ओर से 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में हुआ यह लोकार्पण इंदु नांदल की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।जिसके लिए इंदु नांदल ने विपिन जी , डी पी मिश्रा जी व नंदकिशोर जी का ह्रदय तल से धन्यवाद किया ।
यह पुस्तक इंदु नांदल के पाँचवें विश्व रिकॉर्ड से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कृति है। पुस्तक के माध्यम से भारत की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, पर्यावरण संरक्षण, हरित परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को साहित्य के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ भारतीय हरित विरासत के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है।
इंदु नांदल पिछले सात वर्षों से हिंदी, देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के विषयों पर निरंतर कार्य कर रही हैं। इंडोनेशिया में रहते हुए भी उन्होंने हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार को अपना विशेष उद्देश्य बनाया है। विदेश की धरती पर हिंदी की अलख जगाना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाना उनके प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
उनके साहित्यिक जीवन का एक अत्यंत गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय प्रसंग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे से जुड़ा है। उस दौरान आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री जी ने इंदु नांदल के साथ उनकी स्वरचित कविता की पंक्तियों का पाठ किया था। इंदु नांदल इसे अपने काव्य जीवन का सर्वोच्च सम्मान मानती हैं। उनका मानना है कि किसी रचनाकार के लिए यह अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण होता है, जब उसकी रचना को देश के प्रधानमंत्री के साथ साझा करने का अवसर मिले। यह स्मृति उनके साहित्यिक जीवन की अनमोल उपलब्धियों में सदैव अंकित रहेगी।
‘भारतीय हरित धरोहर’ पुस्तक की एक विशेष उपलब्धि इसमें विभिन्न देशों के साहित्यकारों की सहभागिता भी है। पुस्तक में इंडोनेशिया से संजीव नांदल, दुबई से अमृत बिसारिया, कनाडा से साहिल नांदल तथा भारत से सावित्र धायल, डॉ. पल्लवी सिंह ‘अनुमेहा’, प्राची अग्रवाल और गिरीश गुप्ता ने अपना रचनात्मक एवं साहित्यिक योगदान दिया है। अलग-अलग देशों में रहकर भी भारतीय संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति एक समान संवेदना रखने वाले रचनाकारों का यह साझा प्रयास पुस्तक को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करता है।
विज्ञान भवन जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर पुस्तक का लोकार्पण इंदु नांदल के निरंतर साहित्यिक प्रयासों और पर्यावरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को एक नई पहचान देता है। हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और प्रकृति संरक्षण को समर्पित उनकी यह पहल इस बात का उदाहरण है कि साहित्य केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक चेतना और सांस्कृतिक जुड़ाव स्थापित करने का सशक्त माध्यम भी है।
वसुधैव कुटुंबकम – वर्ल्ड रिकॉर्ड -7 मीडिया प्रभारी डॉ. पल्लवी सिंह ‘अनुमेहा’ बैतूल, मध्यप्रदेश









