
13 नवंबर मेरे लिए बेहद खास है,
क्योंकि जन्मदिन आते ही बचपन याद आता है।
माँ-पापा, भाई-बहनों संग बिताए पल,
सखियों के साथ जन्मदिन की वो हलचल।
वो बचपन की खुशियाँ, वो प्यारा जमाना,
अपनों के बीच जन्मदिन मनाना।
हाँ, मैं एक Housewife हूँ,
घर की जिम्मेदारियाँ निभाती हूँ।
हाँ, मैं एक लेखिका भी हूँ,
अपने जज़्बातों को शब्दों में सजाती हूँ।
कभी रिश्तों को, कभी एहसासों को लिखती हूँ,
अपनी कलम से अपनी पहचान गढ़ती हूँ।
शायद मेरे जन्मदिन पर
कोई बड़ी पार्टी नहीं होगी,
ना ही ढेरों गिफ्ट्स,
ना कहीं घूमने का प्लान…
क्योंकि आज भी सुबह से
मेरी वही दिनचर्या है,
घर के काम, बच्चों की जिम्मेदारियाँ,
परिवार की ज़रूरतें…
वो औरत, जो हर दिन सबके लिए जीती है,
कपड़े प्रेस कर, अलमारी में सजाती है,
घर के हर कोने को सँवारती है,
फिर भी मुस्कुराती है, हर रिश्ता निभाती है।
लेकिन फिर भी आज का दिन
मेरे लिए बहुत खास है,
क्योंकि आज मैं हूँ…
रात ग्यारह बजे, सब काम निपटाकर,
थोड़ा अपनी खुशी के लिए भी,
मैंने खुद से केक बनाया।
अपनी अलमारी से एक अच्छी-सी ड्रेस पहनी,
अपनी खुशी की खातिर,
धीमे सुरों में संगीत बजाया।
बच्चों और जीवनसाथी संग,
अपने जन्मदिन को खास बनाया।
चौबीस घंटों में से पंद्रह मिनट,
खुद के नाम का एक पल सजाया।
क्योंकि मैं भी खास हूँ…
वो औरत, जो सबकी खुशियों का ख्याल रखती है,
आज अपनी मुस्कान की वजह खुद बनी है।
आज किसी और के इंतजार में नहीं,
अपनी खुशी का जश्न खुद मना रही है।
आज मैं खुद को जन्मदिन की
ढेर सारी शुभकामनाएँ देती हूँ।
मैं जैसी हूँ, वैसी ही अच्छी हूँ,
मैं एक Housewife भी हूँ, लेखिका भी हूँ,
मुझे अपनी हर पहचान पर गर्व है…
कवयित्री ज्योति बरनवाल,
नवादा (बिहार)













