
बिहार की मिट्टी में सदियों का उजाला है,
इसने ही दुनिया को ज्ञान का दीप जलाया है।
बुद्ध की करुणा, नालंदा की पहचान है,
इस धरती ने हर दौर में जग को राह दिखाया है।
उगते हुए सूरज को तो दुनिया सलाम करती है,
बिहार ने डूबते सूरज को भी शीश झुकाया है।
सिर्फ़ कामयाबी में ही सम्मान नहीं होता,
इस पर्व ने दुनिया को यह पाठ पढ़ाया है।
जो ढल रहा हो, उसे भी उतना ही मान दो,
बिहार ने इंसानियत का यही अर्थ समझाया है।
जिसे दुनिया ने अक्सर कमतर समझा है,
उसी बिहार ने दुनिया को जीना सिखाया है।
नफ़रत से नहीं, संस्कारों से पहचान बनती है,
इस मिट्टी ने हर दिल में प्रेम जगाया है।
बिहार कोई नाम नहीं, तहज़ीब की विरासत है,
जिसने उगते ही नहीं, डूबते को भी अपनाया है।
— आर. एस. लॉस्टम










