Uncategorized
Trending

तुलसी विवाह

तुलसी मेरे घर आँगन की,यह सोच सोच मुस्काए,
जल्दी ही श्री शालिग्राम जी,मुझे ब्याहने आए।

एकादशी को तुलसी-विवाह की,मंगल घड़ी है आयी,
हर घर-आँगन इस शुभ घड़ी की,देखो खुशियां छाई।

रंगोली और चौक सज गए,ढोल मृदंगा बाजे,
सजी आरती की थाली,गन्नो के मंडप साजे।

कर सोलह श्रृंगार बनी,तुलसी महारानी दुल्हन,
झुकी हुई पलके घूँघट में,मुस्काती मन ही मन।

इधर खड़े हैं शालिग्राम,बन करके दूल्हा न्यारे,
तेज दमकता मुखमण्डल,दो नयना प्यारे प्यारे।

प्रारम्भ हुआ फिर मंत्रोच्चार,शुभ विवाह का हर घर,
खड़े हुए हैं सजे बराती, और घराती घर घर।

शादी की शहनाई बजी,शुभ मंगल बेला आयी,
जगमग करते दीप द्वार पर,रात सुहानी आई।

आगे आगे चले हरि और,पीछे पीछे तुलसी,
अब पीहर कब आना होगा,मन मे सोचे तुलसी।

बरसाए फिर पुष्प देवो ने,जब वरमाला हुई तुलसी की,
शुरू हो गए लगन आज से,होते ही शादी तुलसी की।

चली विदा हो घर को अपने,शालिग्राम के पीछे,
सजल नयन सब करे बिदाई,कर पलकों को नीचे।

करे कामना भक्त सभी और,हाथ जोड़ बस यही कहें,
हरि समान पति पाए पुत्री,सबकी बिटिया सुखी रहें।

अनुजा दुबे’पूजा’
पूर्णतः मौलिक
वरुण, महाराष्ट्र

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *