
शीर्षक- प्रभु की महिमा
विधा- कविता
आई देवउठनी ग्यारस प्यारी, खुशियों की सौगात है लाई,
तुलसी माता के आँगन में, मंगल बेला आज है छाई।
चार महीने योग निद्रा से, जागे आज प्रभु नारायण,
गूँज उठे मंदिर में जयकारे, भक्त करें प्रभु का वंदन।
तुलसी मैया दुल्हन बनकर, आँगन में मुस्काती हैं,
शालिग्राम संग शुभ विवाह की, पावन रस्म निभाती हैं।
दीप जलें हर घर-आँगन में, फूलों की बरसात हो,
प्रेम, भक्ति और श्रद्धा से, जीवन में प्रभात हो।
गन्ने का मंडप सजता है, रंगोली की छटा निराली,
मंगल गीत सुनाती हैं सब, खुशियों से भरती हर डाली।
तुलसी केवल पौधा नहीं, जीवन का वरदान है,
औषधि, आस्था और प्रकृति का, सुंदर यह सम्मान है।
हर घर में सुख-शांति बरसे, दूर सभी संताप हों,
प्रेम, दया और सद्भावों से, जीवन के हर पल खास हों।
देव उठे तो शुभ कार्यों की, फिर से शुरुआत होती है,
भक्तों के विश्वासों में, नई उमंग की बात होती है।
तुलसी की महिमा गूँज उठे, हर घर और गलियारे में,
खुशहाली के फूल खिलें, भारत के हर द्वारे में।
आओ मिलकर दीप जलाएँ, प्रभु का करें गुणगान,
तुलसी विवाह के पावन पर्व पर, सबको मंगलमय शुभकामनाएँ प्रदान।
रचनाकार – नंदकिशोर गौतम
माध्यमिक शिक्षक
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकौड़ी
विकासखंड – कुरई, जिला – सिवनी
मध्य प्रदेश













