
आजमगढ़: “व्यक्ति यदि निस्वार्थ भाव से सकारात्मक और जन उपयोगी कार्य करता है, तो उसकी सुगंध समूचे विश्व में फैल जाती है।” इस कथन को चरितार्थ करते हुए साहित्य के क्षेत्र में अपने अद्वितीय और अतुलनीय योगदान के लिए प्रख्यात ब्लॉक मिशन प्रबंधक ठेकमा सह साहित्यकार व विचारक डॉ. अभिषेक कुमार को दैनिक जागरण द्वारा “साहित्य शिरोमणि सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह भव्य समारोह आजमगढ़ जिले के लालगंज ब्लॉक में आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
सम्मान समारोह में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने डॉ. अभिषेक कुमार को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. अभिषेक ने साहित्य के महत्व और सामाजिक जागरूकता पर प्रेरक उद्बोधन दिया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
डॉ. अभिषेक कुमार ने अब तक 23 पुस्तकें लिखी हैं, जिनमें उनकी हालिया रचना गिरवी ज़मीर पाठकों के बीच व्यापक चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी एक अन्य कृति, आधुनिक भारत के निर्माण में सद्गुरु कबीर का योगदान, ने अभूतपूर्व लोकप्रियता हासिल की थी। यह पुस्तक भारत की 27 भाषाओं में अनुवादित हुई और विश्व कीर्तिमान पुस्तक में दर्ज की गई। समारोह के दौरान डॉ. अभिषेक ने इस पुस्तक की एक प्रति कुलपति प्रो. संजीव कुमार को सप्रेम भेंट की।
यह सम्मान डॉ. अभिषेक कुमार के साहित्यिक योगदान और समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। दैनिक जागरण का यह आयोजन साहित्य और सामाजिक कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बताते चलें कि डॉ. अभिषेक कुमार को अभी हाल ही में थाईलैंड में साहित्य और मानवीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया था।