Uncategorized
Trending

विजयादशमी—धर्म की विजय का पर्व

आश्विन शुक्ल दशमी आई,
खुशियों की सौगात है लाई।
धर्म-अधर्म युद्ध समझाती,
सत्य-विजय का दीप जलाती॥

राम ने रावण-वध करके,
धर्म-पताका दी फहराई।
माँ दुर्गा ने असुर संहारकर,
शक्ति-महिमा जग में गाई।।

दस सिर रावण के प्रतीक हैं,
दस दुर्गुण पहचानें।
काम, क्रोध, मद, लोभ त्यागकर,
सद्गुण हृदय में थामें॥

केवल पुतले दहन करने से,
दोष नहीं मिट पाएँ।
मन के भीतर छिपे विकारों को,
जड़ से दूर भगाएँ॥

सत्य, प्रेम, करुणा अपनाएँ,
मन में दया जगाएँ।
ईर्ष्या, छल और द्वेष मिटाकर,
मानव-धर्म निभाएँ॥

अन्यायों के सम्मुख डटकर,
न्याय-पताका फहराएँ।
सत्य-धर्म के पथ पर चलकर,
जीवन सफल बनाएँ॥

जब मन का रावण मर जाएगा,
सद्भावों का दीप जलेगा।
सत्य-धर्म का साथ मिलेगा,
जीवन मंगलमय हो जाएगा॥

यही विजयादशमी का संदेश,
प्रेम-सद्भाव से महके देश।
शुभ संकल्प हृदय में जगाएँ,
सच्ची विजय का पर्व मनाएँ॥


डॉ. सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *