Uncategorized
Trending

ईर्ष्या – जलन

लोगों इतना कलुष कहाँ से आता,
दिन रात ईर्ष्या से क्यों जलना,
अपने कर्मों से सुख मिलता है,
अपने कर्मों से दुःख मिलता है।

औरों को ख़ुश देख के जलना,
औरों का वैभव देख के घुटना,
जीवन में ख़ुशी कभी न देता है,
तनमन तनाव ग्रस्त कर देता है।

औरों से ईर्ष्या में जलना, घुटना
आत्महीनता का परिचायक है,
स्पर्धावश औरों की निंदा करना,
खुद हीन भावना का द्योतक है।

ऐसे स्वभाव के मानव हर पल,
दुर्भावना, कुभाव ग्रसित होते हैं,
दुर्भावना स्वभाव जनित हो जाती
जीवन शान्ति कुंठित हो छिन जाती।

सुख चैन छिने, दुराग्रह बढ़ जाता है,
अपना ख़ास भी पराया बन जाता है,
इसीलिए निंदा करने से तो अच्छा,
औरों को उत्साहित करना होता है।

इम्तिहान की जगह किसी का सत्य
समझना प्रेम और सद्भाव बढ़ाता है,
इसकी शुरुआत हमें ही तो करना है,
हाथ पै हाथ धरे इंतज़ार नहीं करना है।

निंदा कर अफ़वाहें फैलाना कुछ पल
का झूठा मूठा संतोष भले ही देता है,
झूठ मूठ का वो सुख, संतोष नहीं पर
अपना आत्म संतोष भी हर लेता है।

निज प्रकृति नकारात्मक हो जाती है,
जल जल कर, अपना खून जलाती,
आदित्य रोग असाध्य यह ऐसा होता
कोई औषधि उपचार नहीं कर पाती।

डॉ कर्नल आदिशंकर मिश्र
‘आदित्य’, ‘विद्यावाचस्पति’
‘विद्यासागर’, लखनऊ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *