Uncategorized
Trending

विजय पर्व – दशहरा

राम ने तीर उठाया नहीं,
सत्य ने हुंकार भरी है,
दस शीश झुके अहंकार के,
तभी विजय उदित हुई है।

यह अग्नि रावण की नहीं,
मन के भीतर के क्लेश जले हैं,
लोभ, मोह, मद, मत्सर जितने,
राम-भक्ति में सभी गले हैं।

हर वर्ष जलाते पुतला हम,
पर प्रश्न एक ही शेष रहा,
क्या रावण बाहर का मरा,
या भीतर अब भी शेष रहा?

विजयादशमी कहती हमसे,
शस्त्र नहीं, शास्त्र उठाओ,
भीतर के हर रावण को मारो,
फिर बाहर भी विजय मनाओ।

मर्यादा सीखो श्री राम से,
साहस सीखो उस बाण से,
जो अधर्म पर धर्म के हेतु,
छूटा था जग कल्याण से।

आदित्य आओ दशहरे पर,
एक प्रण नया निभाते हैं,
मन का दशानन मार कर,
घर-घर में राम बसाते हैं।

डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र
‘आदित्य’, विद्यावाचस्पति’
‘विद्यासागर’, लखनऊ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *