
आज रावण के दहन के बाद,
एक प्रश्न मेरे मन में उठता है,
जब अधर्म की देह जल जाती है,
तो फिर नारी का सम्मान क्यों लुटता है?
माना रावण ने अपराध किया था,
उसने मर्यादा को ललकारा था,
उसके अहंकार ने ही तो
लंका का वैभव उजाड़ा था।
पर एक बात बताओ मुझको,
यह कैसा न्याय तुम्हारा है?
पाप किया था रावण ने,
फिर मंदोदरी का क्या कसूर है ?
जिसने अपराध नहीं किया,
उसको दंडित क्यों करते हो?
अपने घर की सुख-समृद्धि हेतु
नारी के वस्त्र क्यों हरते हो?
रावण के पुतले को जलाकर
किस बात का उत्सव मनाते हो?
फिर मंदोदरी के वस्त्रों को
क्यों खींच-खींचकर ले जाते हो?
कहते हो, घर में बरकत होगी,
धन-धान्य का भंडार भरेगा,
मंदोदरी के वस्त्र का टुकड़ा
हर संकट को दूर करेगा!
ज़रा बताओ, कैसी श्रद्धा?
कैसी आस्था, कैसा मान?
जिसमें नारी की मर्यादा का
होता है प्रतिदिन अपमान!
मैं पूछ रहा हूँ उन सबसे,
जो इस परंपरा को निभाते हैं,
जो वस्त्रों को खींच-खींचकर
अपने घर ले जाते हैं।
क्या कभी सोचा है तुमने,
उस स्त्री के मन पर क्या बीतेगी?
जिसकी मर्यादा की प्रतीक चुनर
सरेआम तार-तार की जाएगी!
वह वस्त्र भले ही प्रतीक हो,
पर उसमें नारी का मान जुड़ा है,
उससे जुड़ी किसी की आस्था है,
किसी की संस्कृति का भान जुड़ा है।
वस्त्र खींचना केवल वस्त्र खींचना नहीं,
यह सोच की विकृति का प्रमाण है,
नारी की गरिमा को ठेस पहुँचाना
किसी भी दृष्टि से नहीं महान है।
मंदोदरी रावण की पत्नी थी,
पर उसके पापों की भागीदार नहीं,
वह उसकी अर्धांगिनी अवश्य थी,
पर उसके हर अपराध की जिम्मेदार नहीं।
पति का अपराध पत्नी का अपराध—
यह कैसा अंधा न्याय है?
क्या नारी की अपनी पहचान नहीं,
क्या उसका अपना अस्तित्व नहीं है?
रावण ने सीता का हरण किया,
यह उसके जीवन का कलंक बना,
लेकिन मंदोदरी ने तो
उस अधर्म को रोकने का प्रयास किया।
रामायण के प्रसंगों में मिलता है
मंदोदरी के विवेक का सम्मान,
उसने रावण को समझाया था,
लौटा दो सीता को, रखो धर्म का मान।
फिर भी आज उसी मंदोदरी के नाम पर
यह कैसा आचरण अपनाते हैं?
रावण के पापों की सज़ा
उसकी पत्नी के प्रतीक को क्यों पहुँचाते हैं?
अरे! रावण को जलाना है तो
अपने भीतर का अहंकार जलाओ,
मंदोदरी के वस्त्र मत खींचो,
अपने मन की विकृति मिटाओ!
जिस दिन पराई नारी में
माँ-बहन का सम्मान दिखेगा,
जिस दिन हर बेटी को निर्भय
जीने का अधिकार मिलेगा,
जिस दिन नारी की अस्मिता पर
कोई हाथ नहीं उठाएगा,
उस दिन समझना, मेरे मित्रों,
सच्चा विजयादशमी पर्व आएगा!
मैं धर्मेंद्र, अपनी कलम से
बस इतनी बात कहता हूँ,
नारी के सम्मान के प्रश्न पर
मैं चुप कैसे रह सकता हूँ?
मुझे परंपरा से बैर नहीं,
नहीं आस्था से कोई शिकायत,
पर आस्था की आड़ में हो अधर्म,
तो कैसे कर लूँ उसकी हिमायत?
मैं संस्कृति का मान रखूँगा,
मैं मर्यादा की बात करूँगा,
जहाँ नारी का अपमान दिखेगा,
वहाँ विरोध की आवाज़ बनूँगा।
अंतिम पंक्तियां
रावण जला, तो समझो केवल
एक पुतला राख हुआ है,
जब तक नारी का मान न जागे,
तब तक कहाँ विनाश हुआ है!
मंदोदरी का दोष बताओ,
उसका आँचल क्यों खींच रहे हो?
रावण के अपराध की सज़ा
उसके प्रतीक को क्यों दे रहे हो?
घर में सुख-समृद्धि चाहिए,
तो कर्मों में पावनता लाओ,
नारी के सम्मान की रक्षा कर
अपने घर में राम बसाओ!
नारी का सम्मान जहाँ है,
सच्चा धर्म-विधान वहाँ है,
जहाँ नारी की गरिमा सुरक्षित,
वास्तविक श्री-कल्याण वहाँ है!
और अंत में बस इतना कहूँगा,
मेरी पीड़ा को पहचानो
रावण का पुतला जलाना है,
तो रावणरी सोच जलाओ!
मंदोदरी के वस्त्र न खींचो,
नारी का सम्मान बचाओ!
जय श्रीराम!
धर्मेंद्र कुमार राठौर ‘कलमकार’
व्याख्याता भौतिक विज्ञान |
झालावाड़, राजस्थान











