
- गोवर्धन थपलियाल
श्री प्रकाशवीर शास्त्री जी का वास्तविक नाम
प्रकाशवीर त्यागी था किंतु सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय बनारस से शास्त्री की डिग्री हासिल करने के बाद वह अपने नाम के आगे शास्त्री लगाने लगे। वे आर्यसमाज के प्रखर नेता रहे।
देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अब्दुल कलाम आज़ाद के इंतकाल के बाद 1958 में निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में गुड़गांव से उप चुनाव में जीत हासिल कर उन्होंने लोक सभा में पहली बार प्रवेश किया। 1962 में तृतीय लोक सभा के सदस्य बिजनौर, 1967 में हापुड़ गाज़ियाबाद संसदीय सीट से संसद में पहुंचे। 1971 में हापुड़ गाजियाबाद से दुबारा चुनाव लड़ा, पर इस बार उनके भाग्य ने साथ नहीं दिया। 1974 में उत्तर प्रदेश से शास्त्री जी राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए।
संसद में धाराप्रवाह हिंदी में जब वह सरकार की आलोचना करते थे तो विरोधी दल के साथ साथ सरकारी बेंच के सदस्य भी उनकी वाणी सुनने के लिए उत्सुक रहते थे। उन दिनों संसद में मंजे हुए वक्ताओं में शास्त्री जी की गिनती की जाती थी।
आज हिन्दी के ओजस्वी वक्ता, हिंदी एवं संस्कृत के प्रकांड विद्वान पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री प्रकाशवीर शास्त्री जी की पुण्यतिथि है।
23 नवम्बर, 1977 को जयपुर से वापिस दिल्ली आते हुए श्री प्रकाशवीर शास्त्री जी का हरियाणा में रेवाड़ी के पास रेल दुर्घटना में देहांत हो गया। देश ने एक अच्छे वक्ता को खो दिया, जिसकी कमी संसद व संसद से बाहर आज भी खलती है।













