राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की 30 कर्मयोगी समूह दीदियों को सारनाथ एवं स्वर्वेद मंदिर का अविस्मरणीय भ्रमण

ठेकमा (आजमगढ़) ब्लॉक मिशन प्रबंधक तथा प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अभिषेक कुमार के नेतृत्व में ‘दिव्य प्रेरक कहानियाँ मानवता अनुसंधान केंद्र न्यास’ द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के 30 कर्मयोगी समूह दीदियों के लिए सारनाथ एवं स्वर्वेद महामंदिर के पर्यटन स्थलों का एक यादगार एवं प्रेरणादायी भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
भगवान बुद्ध के चार प्रमुख पवित्र स्थलों में से एक सारनाथ—ज्ञान एवं उपदेश की पावन भूमि—वास्तव में वही दिव्य स्थान है, जहाँ भाग्यशाली एवं विरले ही पहुँच पाते हैं। आजमगढ़ जिले की ठेकमा ब्लॉक की चयनित समूह दीदियाँ इस पवित्र स्थल पर पहुँचीं और वहाँ आत्मसाक्षात्कार का अनुभव किया। इसके अतिरिक्त, स्वर्वेद महामंदिर की अद्भुत कलाकृति, मनोरम दृश्यों एवं निराकार परब्रह्म की आत्मानुभूति में लीन होने का अवसर प्राप्त हुआ, जिसने इन दीदियों की सोच, उमंग एवं आत्मविश्वास को नई गति एवं दृढ़ता प्रदान की।
भ्रमण में शामिल सभी सदस्यों को हृदय से धन्यवाद देते हुए न्यास की सचिव श्रीमती मंजू कश्यप ने कहा, “कार्य करने की सामर्थ्य, ऊर्जा एवं एनआरएलएम के प्रति जुनूनी जज्बे के कारण ही ये समूह दीदियाँ उस विशिष्ट कतार में शामिल हुईं, जिसकी स्मृतियाँ निश्चित रूप से अमिट रहेंगी।”
सभी प्रतिभागी समूह सदस्यों ने एक स्वर में बताया कि “सबका साथ, सबका स्नेह, एक-दूसरे के प्रति शुद्ध सात्विक प्रेम एवं समर्पण की भावना ने ही इस सामूहिक परिभ्रमण को वास्तव में यादगार बना दिया।”
प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अभिषेक कुमार ने इस अवसर पर कहा, “भ्रमण में शामिल महिलाओं ने अपनी अनोखी कार्यशैली, अनुशासन एवं मर्यादा से एक नई मिसाल कायम की है, जो निश्चित रूप से सराहनीय है। आप सभी इसी प्रकार सरकारी दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन करती रहें। हम भविष्य में भी इसी प्रकार के सीखने-समझने एवं प्रेरणा प्राप्त करने वाले भ्रमण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते रहेंगे।”
इस सफल आयोजन के लिए न्यास ने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।












