
काठमांडू/नेपाल: बिहार के जमुई जिले की साहित्यकार और कार्यकारिणी सदस्य सोनी बरनवाल “कशिश”को नेपाल की राजधानी काठमांडू में ‘मातृभाषा रत्न अंतर्राष्ट्रीय मानक उपाधि’ से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के विशेष अवसर पर प्रदान किया गया।
यह सम्मान नेपाल की विख्यात साहित्यिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को प्रगाढ़ करना, देवनागरी लिपि का संरक्षण तथा हिंदी और नेपाली जैसी मैत्रीपूर्ण भाषाओं का वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार करना था।
सोनी बरनवाल “कशिश” जमुई से विभिन्न साहित्यिक मंचों से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। उनकी इस उपलब्धि पर संस्था के अध्यक्ष आनंद गिरि ‘मायालु’ ने बधाई देते हुए कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य प्रतिभाशाली रचनाकारों को प्रोत्साहित कर उनमें नई ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने सोनी जी के लेखन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कविताएं समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं।
इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मान की सूचना मिलते ही जमुई सहित पूरे साहित्यिक जगत में हर्ष का माहौल है और उन्हें निरंतर बधाइयां मिल रही हैं।











