
मैं चाहता हूँ कि जीवन में एक कहानी हो,
एक तेरी, एक मेरी,
और एक हम दोनों की
कुछ किस्से तेरे ख़्वाबों के हों,
कुछ मेरी अधूरी चाहतों के,
और एक कहानी ऐसी हो,
जिसमें हर बात हमारी हो।
कुछ रास्ते तूने चुने हों,
कुछ रास्ते मैंने चुने हों,
और एक राह ऐसी भी हो,
जिसकी मंज़िल हमारी हो।
मैं चाहता हूँ कि जीवन में
सिर्फ़ तेरा या मेरा वजूद न हो,
एक दुनिया ऐसी भी हो,
जहाँ तेरी हँसी मेरी ख़ुशी हो,
और मेरी ख़ामोशी भी तेरी हो।
मैं चाहता हूँ कि जीवन में एक कहानी हो,
एक तेरी, एक मेरी,
और एक हम दोनों की
— आर. एस. लॉस्टम













