
शीर्षक- मार्गदर्शन
विधा- कविता
शिक्षक केवल पाठ नहीं, जीवन का आधार बनाता है,
बच्चों के सपनों को वह, नई उड़ान सिखाता है।
ज्ञान की ज्योति जलाकर, अज्ञान का तम मिटाता है,
हर बच्चे की प्रतिभा को, पहचानना सिखाता है।
किताबों के ज्ञान के संग, संस्कारों का पाठ पढ़ाता है,
खेल, कला और कौशल से, व्यक्तित्व निखार जाता है।
अनुशासन और परिश्रम का, महत्व उन्हें समझाता है,
सत्य, प्रेम और सेवा का, सुंदर मार्ग दिखाता है।
किसी में विज्ञान की प्रतिभा, किसी में कला का ज्ञान,
हर बच्चे को अवसर देकर, करता उनका उत्थान।
शारीरिक बल, मानसिक क्षमता, भावनाओं का सम्मान,
सामाजिकता और नैतिकता से, बनता उनका व्यक्तित्व महान।
हार मिले तो हिम्मत देना, जीत मिले तो विनम्र बनाना,
गिरते हुए कदमों को थामकर, मंजिल तक पहुँचाना।
नवाचार और तकनीक से, शिक्षा को रोचक बनाना,
जिज्ञासा के छोटे दीपों से, ज्ञान का प्रकाश फैलाना।
नहीं भेदभाव किसी से करना, सबको समान अवसर देना,
हर बच्चे के मन में आशा का, एक नया विश्वास भरना।
बच्चों का सर्वांगीण विकास, शिक्षक का सच्चा सम्मान,
सशक्त, शिक्षित और संस्कारित बच्चे ही, राष्ट्र की असली पहचान।
रचनाकार – श्री नंदकिशोर गौतम
माध्यमिक शिक्षक
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय- बकौड़ी
विकासखंड – कुरई, जिला – सिवनी (मध्य प्रदेश)













