विज्ञान भवन में इंदु नांदल को मिला ‘विश्व हिंदी सेवा सम्मान’”पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने किया सम्मानित, ‘भारतीय हरित धरोहर’ पुस्तक का विमोचन”

नई दिल्ली। विश्व हिंदी परिषद द्वारा 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में इंडोनेशिया में रहकर हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं विश्व रिकॉर्ड होल्डर इंदु नांदल को ‘विश्व हिंदी सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू के करकमलों से प्रदान किया गया। सम्मेलन पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को समर्पित था।
इस अवसर पर आयोजित काव्य गोष्ठी में इंदु नांदल ने अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित अपने स्वरचित दोहे प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। उन्होंने अटल जी को कुशल राजनेता, ओजस्वी वक्ता और संवेदनशील कवि बताते हुए कहा कि उनके जीवन में राष्ट्रप्रेम, साहित्य और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत समन्वय था।
उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “भाषा राष्ट्र की आत्मा होती है। यदि भाषा देश की आत्मा है, तो प्रकृति परमात्मा है। जिस देश के नागरिक भाषा और प्रकृति दोनों का सम्मान करते हैं, वहाँ सदैव खुशहाली रहती है।”
अटल जी को समर्पित उनके कुछ दोहे इस प्रकार रहे—
कण-कण में है गूँजती, अमर अटल आवाज़।
चलें राह पर हम सभी, भारत को हो नाज़।।
कार्यक्रम में इंदु नांदल ने ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान’ के उद्घोष में साहित्यकारों के योगदान को जोड़ते हुए अपनी ओर से एक नया भाव प्रस्तुत किया—
“जय जवान, जय किसान,
जय विज्ञान और जय अनुसंधान,
जय कवि महान!”
उनके इस उद्घोष का उपस्थित अतिथियों एवं साहित्यकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
सम्मेलन में इंदु नांदल की विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर चुकी पुस्तक ‘भारतीय हरित धरोहर’ का विमोचन भी पूर्व उपराष्ट्रपति श्री वेंकैया नायडू ने किया। इस अवसर पर विपिन जी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे युवाओं से भी अधिक सक्रियता के साथ हिंदी और पर्यावरण के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने इंदु नांदल को भारत की बेटी बताते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की। नंदकिशोर साह जी ने भी उनके प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि इंदु नांदल इंडोनेशिया में रहते हुए ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के साथ 100 दिवसीय वृक्षारोपण अभियान एवं हिंदी उत्सव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हिंदी के वैश्विक विस्तार में जुटी हैं। उन्होंने जापानी काव्य विधा हाइकु के प्रति उनके ज्ञान और रुचि की भी सराहना की।
सम्मेलन में विश्व हिंदी परिषद की विभिन्न अंतरराष्ट्रीय शाखाओं से जुड़े साहित्यकारों एवं पदाधिकारियों की सहभागिता रही। इनमें डॉ. मृदुल कीर्ति (अमेरिका), डॉ. रमा पूर्णिमा शर्मा (जापान), डॉ. दुर्गा सिन्हा उदार (अमेरिका), पूजा भारद्वाज (ऑस्ट्रेलिया), शालिनी वर्मा (कतर), वंदना खुराना (लंदन), विनीता कँवर (कतर), डॉ. मधु खन्ना (ऑस्ट्रेलिया) एवं सुनीता शर्मा (ऑस्ट्रेलिया) सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे। सभी ने इंदु नांदल के हिंदी एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की सराहना की।
‘वसुधैव कुटुंबकम 100 दिवसीय वर्ल्ड रिकॉर्ड अभियान’ की मीडिया प्रभारी डॉ. पल्लवी सिंह ‘अनुमेहा’ ने विज्ञान भवन में आयोजित सम्मेलन एवं इंदु नांदल की उपलब्धियों पर समाचार प्रस्तुत किया। उन्होंने सम्मान, पुस्तक विमोचन, अटल जी पर काव्यांजलि तथा हिंदी और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को प्रमुखता से रेखांकित किया।
इंदु नांदल ने बताया कि वर्ष 2021 से आरंभ हुई उनकी हिंदी एवं पर्यावरण संरक्षण की यात्रा में कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया, इंडोनेशिया आ रवि शंकर गोयल , डॉ. दुर्गा सिन्हा, डॉ. अमृत बिसारिया, साहिल नांदल, संजीव नांदल, सावित्री धायल, गिरीश गुप्ता, डॉ. पल्लवी सिंह ‘अनुमेहा’, पूनम लता, प्राची अग्रवाल, मोहिनी गुप्ता, क्षिप्रा,सीमा पूरबा, मीरा कन्नौजिया, रमा सरना एवं विश्व हिंदी परिषद का निरंतर सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञान भवन में प्राप्त यह सम्मान इंदु नांदल की हिंदी सेवा, भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण प्रमाण है। विदेश में रहकर भी भारतीय भाषा, साहित्य और प्रकृति से जुड़कर किए जा रहे उनके प्रयास हिंदी की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।













