
शब्दों में मन के भाव छिपे, अनुभूतियों का सार,
कभी मौन की भाषा बनते, कभी मुखर उद्गार।
उम्र के हर पड़ाव ने, कुछ अनुभव हैं बाँटे,
कभी धूप की तपिश मिली, कभी सुख के पल काटे।
यौवन की दहलीज पर, सपनों ने ली अंगड़ाई,
आशाओं के रंगों से, जीवन की तस्वीर बनाई।
गृहस्थी के आँगन में, रिश्तों का संसार मिला,
पति के संग चलते-चलते, जीवन का आधार मिला।
कभी अनकही बातों ने, मन में घर कर डाला,
कभी एक मधुर मुस्कान ने, हर संकट टाल डाला।
समय के साथ समझ आया, संबंधों का व्याकरण,
कितना गहरा होता है, मन के भीतर का चिंतन।
कभी अपेक्षाएँ टूटीं, कभी विश्वास सँवरता रहा,
अंतर्मन का मौन समंदर, भीतर ही भीतर बहता रहा।
अब अनुभव की दृष्टि से, हर घटना को परखती हूँ,
शब्दों के दर्पण में, अपनी अनुभूति लिखती हूँ।
न उम्र ठहरती है कभी, न समय लौटकर आता,
हर बीता हुआ पड़ाव, जीवन-दर्शन सिखाता।
शब्द नहीं केवल अक्षर, ये मन की संरचना हैं,
इनमें ही जीवन की स्मृतियाँ, संवेदना और चेतना हैं।
डॉ सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार






