
चाहत की ऊँचाई को बाज़ार नहीं बनने देते,
दिल की गहराई में ही उसको रहने देते॥
नादाँ हैं वो जो दुनिया को नादान समझते हैं,
लम्हा-लम्हा दुनिया के रंग बदलते रहते हैं॥
रंग बदलती दुनिया में नियत-ईमान बदलते हैं,
दिल से दिल का रिश्ता अब व्यापार बनते रहते हैं॥
रिश्तों के बाज़ार में रिश्ते सजते रहते हैं,
मतलब के मौक़ों पर रिश्ते बिकते रहते हैं॥
चाहत की ऊँचाई को बाज़ार नहीं बनने देते,
साँसों-धड़कन की गहराई में ही रहने देते॥
रिश्तों की क़ीमत अब मौक़ा और मतलब है,
रिश्ते रिश्तों की ख़ातिर नीलाम होते रहते हैं॥
दुनिया की भीड़ में भी इन्साँ तन्हा भटकता है,
ख़ुद में खोया-खोया ख़ुद को ही खोजता रहता है॥
नफ़रत की जंगों का मैदान बन गई दुनिया,
मतलब की जंग में इन्साँ क़ातिल बनते रहते हैं॥
लहू की स्याही से तारीख़ बनाते रहते हैं,
परछाई भी ऊँचाई को छूने को मचलती है॥
ऊँचाई की तन्हाई में छलकते आँसू,
ग़ुरूर का सुरूर दुनिया को बताते रहते हैं॥
तन्हा इन्साँ की तन्हाई, परछाई की ऊँचाई,
ख़्वाबों-अरमानों का हाल बयाँ करते रहते हैं॥
चाहत की ऊँचाई को बाज़ार नहीं बनने देते,
दिल की गहराई में ही उसको रहने देते॥
रचनाकार: नन्दलाल मणि त्रिपाठी पीताम्बर, गोरखपुर उत्तर प्रदेश!!






