Uncategorized
Trending

अंतर्द्वंद्व

अन्जाने
दुश्मन ने मेरा
जीना दूभर किया हुआ है
मेरे मन का
एक विरोधी
मेरे भीतर छुपा हुआ है

जब आशा के
अंकुर फूटे
कुतर गयीं सब आशंकायें
भीतर
साँप-नेवले लड़ते
खुद ही खुद से बैर निभाएं

ऊपर ऊपर
निर्भयता है
भीतर कोई डरा हुआ है

मेरी
हार-निराशाओं पर
मुझमें ही ये कौन हँस गया
बीच नदी
मेरे काँटे में
मेरा ही प्रतिबिंब फँस गया

थक कर सोयी
हुई देह में
कौन निरंतर जगा हुआ है

खुद से खुद की
चर्चा बहसें
सारे निर्णय पड़े निलंबित
सही गलत के
असमंजस में
खुद ही खुद से हैं प्रतिबंधित

साबुत तन के
भीतर कोई
टुकड़ा टुकड़ा बँटा हुआ है

के वी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *