
दीपों का त्योहार लेकर, दिवाली आई है,
खुशियों की सौगात लेकर, दिवाली आई है।
मिटाने धरा से अंधकार की हर निशानी,
नई उम्मीदों की प्रभात लेकर, दिवाली आई है।
सूने-सूने आँगनों में, उम्मीदों के दीप जलें,
बिछड़े हुए रिश्तों के फिर से गुलशन खिलें।
हर दिल में प्रेम हो, हर चेहरे पर मुस्कान,
अपनों के संग खुशियों के नए मौसम मिलें।
नफ़रत की आँधियाँ थमें, प्रेम की गंगा बहे,
मन के कोने-कोने में सद्भाव का दीप रहे।
मिट जाए द्वेष, मिट जाए अहंकार का अँधेरा,
हर दिल में इंसानियत का उजियारा रहे।
मिट्टी का दीप हमको यह संदेश सिखलाता है,
खुद जलकर भी दूसरों के जीवन को चमकाता है।
त्याग, तपस्या और समर्पण की यही पहचान,
अँधियारे से लड़कर ही उजाला आता है।
न कोई छोटा, न कोई बड़ा, सबका सम्मान हो,
हर घर में खुशियों का सुंदर-सा जहान हो।
भूखे को रोटी मिले, प्यासे को पानी मिले,
हर चेहरे पर मुस्कान, हर दिल में अरमान हो।
आओ, इस बार कुछ ऐसा काम कर जाएँ,
किसी के सूने जीवन में खुशियाँ भर जाएँ।
नफ़रत के अँधियारे को प्रेम से मिटाकर,
मानवता के नाम एक दीप जला जाएँ।
दीपों का त्योहार है, खुशियों की बहार है,
हर दिल में प्रेम का सुंदर-सा संसार है।
घर-घर में उजियारा हो, मन में सद्भाव रहे,
दिवाली का यही तो सच्चा उपहार है।
आओ करें मनुहार, सबका कल्याण हो,
हर जीवन में सुख-शांति का नया विहान हो।
अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व मनाएँ,
प्रेम और सद्भाव से जग का उत्थान हो।
लक्ष्मी का आशीष मिले, मेहनत को सम्मान मिले,
हर संघर्षरत इंसान को सफलता की पहचान मिले।
सपनों को पंख मिलें, मंज़िल का रास्ता मिले,
हर जीवन को आगे बढ़ने का नया आसमान मिले।
दीप जलें तो केवल घर-आँगन रोशन न हों,
हर इंसान के हृदय में भी अँधेरे शेष न हों।
दिवाली का उत्सव तभी सार्थक कहलाएगा,
जब किसी की आँखों में दुख के आँसू न हों।
रूपेश कुमार
चैनपुर, सीवान, बिहार












