
अंधेरों से उजालों तक दीप ज्योति जला देना,
हर एक बगिया महक उठे पुष्प ऐसे खिला देना।।
मदद करना ग़रीबों की, दिए मिट्टी के लेकर के,
खुशी की लौ जला देना, अंधेरों को हटा करके।
जो बिन दीपकके बैठे हैं, उनके द्वार सजा देना,
दिवाली सबकी हो जाए, ऐसा दीप जला देना।।
हो नफ़रत का अंधेरा जब प्रेम का दीप धर देना,
आस जब भी टूटती हो, वहाँ विश्वास भर देना।
हृदय में नई उमंगों की ज्योति प्रज्वलितकर देना,
मानवता के पथ पर प्रेम का फिर सिला देना।।
मिलकर सभी साथ चलें, ऐसा पर्व मनाना है,
ना कोई छूटे इस जग में,दीप मिलकर जलाना है।
करुणा, दया और प्रेम से जग को रोशन कर देना,
भारत की माटी में एकता का रंग मिला देना
डॉ पुष्पा पाठक छतरपुर मध्य प्रदेश












