
कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा आई, खुशियों का त्योहार,
गोवर्धन पूजा लेकर आई, श्रद्धा का उपहार।
अन्नकूट के भोग सजाए, महके घर-परिवार,
कृष्ण भक्ति में झूम उठा है, सारा ब्रज संसार।।
इंद्रदेव को गर्व हुआ था, भूले अपना धर्म,
वर्षा बनकर बरस पड़े थे, दिखलाने को कर्म।
ब्रजवासी सब भयभीत हुए, संकट था विकराल,
कृष्ण बने तब रक्षक उनके, दीनदयाल गोपाल।।
कनिष्ठा पर पर्वत धारा, अद्भुत लीला रचाई,
सात दिवस तक ब्रजवासियों ने, शरण वहीं पाई।
गौ-ग्वाल और बाल गोपाल, सब थे उनके साथ,
प्रेम और विश्वास ने थामे, सबके कोमल हाथ।।
इंद्रदेव का गर्व चूर हुआ, समझ गए भगवान,
प्रकृति बड़ी उपकारी है, इसका रखिए मान।
क्षमा माँगकर शीश झुकाया, छोड़ा झूठा अभिमान,
प्रभु की महिमा समझ जगत ने, पाया नया ज्ञान।।
गौ माता की पूजा होती, अन्नकूट के थाल,
छप्पन भोग सजाकर करते, स्वागत ब्रज के लाल।
धरती, पर्वत, वन की सेवा, जीवन का आधार,
प्रकृति बचाने का संदेशा, देती यह त्योहार।।
आस्था और विश्वास का, अनुपम है यह संगम,
प्रेम, समर्पण, भक्ति से, पावन होता जन-मन।
गोवर्धन की महिमा गाएँ, करें कृष्ण गुणगान,
सुख-समृद्धि से भरा रहे, हर घर और इंसान।।
जय श्रीकृष्ण! जय गोवर्धनधारी!
डॉ सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार












