Uncategorized
Trending

यह कविता उन सभी पिताओं के नाम

यह कविता उन सभी पिताओं के नाम, जो अपनी पूरी उम्र बच्चों के नाम कर देते हैं और बदले में कभी कुछ नहीं माँ

क्या लिखूँ… (पिता के नाम)

सोचता हूँ कुछ लिखूँ,
पापा के प्यार या फिर फटकार पर,
पैरों में फटी बिवाइयों पर,
या घिसी एड़ियों के निशान पर।

क्या लिखूँ…

उम्र गुज़ार दी हमें सींचने में,
हमारी लकीरों को खींचने में,
तक़दीर से भिड़ने में,
और अपनी ही ख़्वाहिशों को भींचने में।

क्या लिखूँ…

रोटियाँ कमाने वाले अन्नदाता पर,
स्कूल तक ले जाने वाले गुरु पर,
या फिर कंधे पर बिठाकर
दुनिया दिखाने वाले पिता पर।

क्या लिखूँ…

पापा तो पापा हैं, उनका कोई पार नहीं,
मुझ पर कोई भी उनका उधार नहीं।
पर कर्ज़ इतना है मुझ पर कि कोई हिसाब नहीं,
उन्होंने कभी कुछ माँगा नहीं।

न कभी अपने दर्द का ज़िक्र किया,
न कभी अपनी थकान का फ़िक्र किया,
हमारी छोटी-छोटी खुशियों के लिए,
उन्होंने अपने अरमानों को भी ज़ब्त किया।

क्या लिखूँ…

हमने माँगी हर चीज़, उन्होंने पूरी की,
अपनी हर चाहत हम पर कुर्बान की,
वो खुद कितने अधूरे रह गए,
हमें पूरी दुनिया देने की ठान ली।

अब सोचता हूँ क्या लिखूँ उनके नाम,
उनकी मोहब्बत लिखूँ या उनका त्याग,
जिस शख़्स ने पूरी उम्र मेरे नाम कर दी,
उसके लिए मेरे पास शब्द हैं ही कहाँ।

क्या लिखूँ…

कलम उठाई थी उनका क़िस्सा लिखने को,
मगर हर लफ़्ज़ में उनका एहसान उतर आया,
सोचा था कुछ पन्नों में समेट दूँगा उन्हें,
मगर पूरा जीवन भी उनका हिसाब न दे पाया।

आख़िर क्या लिखूँ…
जब मेरी हर साँस में उनका अंश समाया है,
मैंने तो बस एक कविता लिखनी चाही थी,
मगर हर शब्द में एक पिता नज़र आया है।
आर एस लॉस्टम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *