युवा दिवस – युवाओं उठो!

मुखमंडल पर तेज सूर्य सा होठों पर मुस्कान रहे,
ओजस वाणी प्रखर प्रवक्ता भारत की पहचान बने,
राह दिखाते सदा ही आगे बढ़ने को प्रेरित करते,
ज्ञान अथाह है इनका हर प्रश्नों का समाधान धरें !!
आदर्श युवा वो है जो असंभवों को संभव कर माने,
दूध की नदियां बहा दे चट्टानों से ग़र मन में ठाने,
यूं तो जीवन चक्र का इक पर्याय महज़ है युवावस्था,
भूत भविष्य की आशाओं को वहन करना बखूबी जाने!!
युवा आदर्श भगतसिंह के जोश ने देश को दिलाई आज़ादी,
आदर्श युवा कलाम ने अंतरिक्ष में छलांग लगवा दी,
चाहे क्षेत्र हो कोई भी अदम्य है युवाओं की शक्ति,
खेल हो या व्यापार युवाओं ने भारत की धाक है जमा दी!!
याद रहे शक्ति का संतुलन ना बिगड़ने पाए,
गलत दिशा में युवाओं का जोश नहीं बहने पाए,
नशा और रफ़्तार हैं बाधक युवाओं की प्रगति में,
सूझ के साथ रहे बूझ तभी, पंख लगा उड़ने पाएं !!
तेजस्वी वाणी राष्ट्रीय चेतना का संवर्द्धन करती है,
युवा शक्ति आपके साहस को शत शत नमन करती है,
विश्व गुरू बनने हेतु आदर्श आचरण करना होगा,
मां भारती आपको पा गर्वित हो अभिवंदन करती है !
विरेन्द्र जैन माहिर
वड़ोदरा गुजरात












