
विधा – सार छंद (16–12 मात्रा)पदांत 22
हरसिंगार की डालियों पर, फूल खिले मनभावन।
धवल पुष्प केसरिया डंडी, रूप लगे अति पावन।
रात ढले आँगन में बिखरे, मोती जैसे प्यारे।
धरती की चादर पर सजते, फूल सुनहरे न्यारे।
शिव के चरणों में चढ़कर ये, शोभा खूब बढाते।
बाँट सुगंध रहे हैं अपनी,प्रेम रूप निखराते।
छणभंगुर जीवन की इनसे ,सीख निराली मिलती।
छरकर भी ये खुशियाँ बाँटें,सुरभि इन्हीं से खिलती।
मधुर सुगंध फूल बिखराते, मन को हर्षित करते।
मौन प्रेम की भाषा लेकर, अंतर्मन में बसते।
‘सुमन’ कहे ये फूल सिखाते, महकाओ जग सारा।
खुद झरकर जो बाँटें खुशियाँ,सबको लगता प्यारा।
डाॅ सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार











