Uncategorized
Trending

कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर मेला और राजस्थान की संस्कृति में योगदान।

कार्तिक मास की पूर्णिमा को राजस्थान का पुष्कर नगर एक विशाल मेले में बदल जाता है। पुष्कर मेला केवल एक मेला नहीं, बल्कि राजस्थान की आत्मा, संस्कृति, आस्था और लोकजीवन का जीवंत उत्सव है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, पर्यटक, व्यापारी, कलाकार और फोटोग्राफर इस मेले को देखने आते हैं। पुष्कर का यह मेला लगभग सौ वर्षों से भी अधिक पुराना माना जाता है और आज यह दुनिया के सबसे बड़े पशु मेलों में गिना जाता है।
धार्मिक महत्वः पुष्कर को ब्रह्मा जी का नगर कहा जाता है। मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा ने यहीं यज्ञ किया था और उनके हाथ से कमल का फूल गिरने से पुष्कर सरोवर बना। कार्तिक पूर्णिमा के दिन पुष्कर सरोवर में स्नान करने का विशेष महत्व है। कहा जाता है कि इस दिन स्नान करने से सारे पाप धुल जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। मेले के दौरान श्रद्धालु ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करते हैं। यह संसार का प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर है। सरोवर के 52 घाटों पर दीपदान किया जाता है। शाम को सरोवर की आरती का दृश्य अत्यंत मनोहारी होता है। हजारों दीपक पानी में तैरते हुए ऐसे लगते हैं मानो आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। मेले के विभिन्न रंगः पुष्कर मेले का सबसे बड़ा आकर्षण ऊंट मेला है। हजारों ऊंटों को सजाकर लाया जाता है। ऊंटों की दौड़, ऊंट नृत्य, ऊंटों की सुंदरता प्रतियोगिता और ऊंटों की सजावट देखकर पर्यटक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। ऊंटों के गले में घंटियाँ, रंगीन कपड़े और कशीदाकारी की सजावट मेले की शोभा बढ़ाती है। इसके साथ ही घोड़ों का व्यापार, गाय-बैल और अन्य पशुओं का मेला भी लगता है। किसान और व्यापारी दूर-दूर से पशु खरीदने-बेचने आते हैं। यह मेला ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी एक बड़ा केंद्र है।
मेले में राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक हर जगह दिखाई देती है। कालबेलिया नृत्य, घूमर, भवाई, कठपुतली नाच, भजन, मांड गायन और लोक संगीत की प्रस्तुतियाँ होती हैं। महिलाएं रंग-बिरंगी ओढ़नी, लहंगा-चोली और चूड़ियों में सजी होती हैं। पुरुष रंगीन पगड़ी, धोती-कुर्ता और मूंछों के साथ राजस्थानी ठाठ में नजर आते हैं। मूंछ प्रतियोगिता तो पुष्कर मेले की सबसे मजेदार और प्रसिद्ध प्रतियोगिता है। हस्तशिल्प और खानपानः पुष्कर मेले में हस्तशिल्प का विशाल बाजार लगता है। बंधेज, लहरिया, कशीदाकारी, मोजड़ी, लाख की चूड़ियाँ, ऊंट की खाल से बने सामान, पीतल के बर्तन, मीनाकारी के गहने और चित्रकला की दुकानें सज जाती हैं। यह मेला स्थानीय कारीगरों और कलाकारों के लिए रोजगार का बड़ा साधन है। खानपान में भी राजस्थान के स्वाद की झलक मिलती है। दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी, मावा कचौरी, मालपुआ और रबड़ी यहां के प्रसिद्ध व्यंजन हैं। विदेशी पर्यटक भी इन स्वादों का आनंद लेते हैं। राजस्थान की संस्कृति में महत्व- पुष्कर मेला राजस्थान की संस्कृति का दर्पण है। यह मेला हमें सिखाता है कि धर्म, व्यापार, कला और मनोरंजन एक साथ कैसे चल सकते हैं। यहां हिंदू, मुस्लिम, विदेशी पर्यटक और स्थानीय लोग सब एक साथ मिलकर उत्सव मनाते हैं। यह मेला सांप्रदायिक सौहार्द और अतिथि देवो भव की परंपरा का प्रतीक है।
निष्कर्षः आज पुष्कर मेला राजस्थान पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बन चुका है। सरकार और पर्यटन विभाग भी इसे बढ़ावा देते हैं। इससे राजस्थान की लोक कला, हस्तशिल्प और संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान मिली है। इस प्रकार कार्तिक पूर्णिमा का पुष्कर मेला केवल स्नान और पूजा का पर्व नहीं है, बल्कि यह राजस्थान के रंग, रस, रीति-रिवाज और जीवन की खुशियों का महापर्व है।

स्वरचित मौलिक अप्रकाशित हैं।
मुन्ना राम मेघवाल।
कोलिया,डीडवाना,राजस्थान।
+918875650006.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *