Uncategorized
Trending

कार्तिक शुक्ला एकादशी : तुलसी पूजन एवं संस्कृति में योगदान।

कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी, प्रबोधिनी एकादशी और तुलसी विवाह एकादशी के नाम से जाना जाता है। हिंदू धर्म में इस तिथि का विशेष स्थान है। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इसी कारण इस दिन को देवउठनी एकादशी कहते हैं। इस दिन से ही सभी मांगलिक कार्य, विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश आदि पुनः आरंभ हो जाते हैं। इस एकादशी का सबसे सुंदर और भावपूर्ण प्रसंग तुलसी विवाह है। इस दिन भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह कराया जाता है। तुलसी को भगवान विष्णु की प्रिया माना गया है। बिना तुलसी के भगवान विष्णु की पूजा अधूरी मानी जाती है। इसलिए इस दिन तुलसी पूजन का विशेष महत्व है। व्रत और पूजन विधि- देवउठनी एकादशी के दिन प्रातःकाल स्नान कर व्रत का संकल्प लिया जाता है। दिनभर निर्जला या फलाहारी व्रत रखा जाता है। संध्या के समय तुलसी के पौधे को गेरू, हल्दी और चूने से सजाया जाता है। तुलसी के गमले के पास शालिग्राम जी को रखा जाता है। तुलसी को लाल चुनरी ओढ़ाई जाती है, चूड़ियाँ, बिंदी और श्रृंगार की वस्तुएँ अर्पित की जाती हैं।शालिग्राम और तुलसी के चारों ओर गन्ने का मंडप बनाया जाता है। दीपक जलाकर, फूलों से सजाकर, विवाह के गीत गाकर उनका विवाह संपन्न कराया जाता है। इस दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती हैं, हल्दी-तेल चढ़ाती हैं और आशीर्वाद देती हैं। रात में जागरण कर भगवान विष्णु के भजन-कीर्तन किए जाते हैं। अगले दिन द्वादशी को व्रत का पारण किया जाता है। आयुर्वेद की दृष्टि से भी तुलसी अत्यंत महत्वपूर्ण है। तुलसी में रोगों से लड़ने की अद्भुत शक्ति होती है। सर्दी, खांसी, बुखार और प्रदूषण से बचाव में तुलसी रामबाण मानी जाती है। इस प्रकार यह पर्व धर्म के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण की रक्षा का संदेश भी देता है।
तुलसी विवाह की कथा- पौराणिक कथा के अनुसार, तुलसी पूर्व जन्म में वृंदा नाम की पतिव्रता स्त्री थीं। उनके पति जालंधर को वरदान प्राप्त था कि जब तक वृंदा का पतिव्रत धर्म भंग नहीं होगा, जालंधर को कोई मार नहीं सकेगा। देवताओं की प्रार्थना पर भगवान विष्णु ने जालंधर का रूप धारण कर वृंदा का व्रत भंग किया। इससे जालंधर का वध संभव हुआ। जब वृंदा को सत्य का पता चला तो उन्होंने भगवान विष्णु को शाप दिया कि वे पत्थर के हो जाएंगे। इसी कारण भगवान विष्णु शालिग्राम शिला के रूप में पूजे जाते हैं। बाद में वृंदा के शाप को वापस लेने पर भगवान विष्णु ने उन्हें वरदान दिया कि वे तुलसी के रूप में सदैव उनके साथ पूजी जाएंगी। तभी से तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा चली आ रही है। एक अन्य कथा के अनुसार, तुलसी ने भगवान विष्णु को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें वरदान दिया कि कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनका विवाह शालिग्राम के साथ कराया जाएगा।
कला और संस्कृति में योगदान- तुलसी विवाह भारतीय लोक संस्कृति का एक जीवंत उत्सव है। इस दिन घर-घर में विवाह जैसा माहौल बन जाता है। महिलाएं विवाह के लोकगीत गाती हैं, जिन्हें तुलसी के गीत कहा जाता है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में इस अवसर पर विशेष लोकनृत्य और भजन होते हैं। भारतीय लोक कला में भी तुलसी का विशेष स्थान है। आंगन में तुलसी चौबारा बनाना, उसे रंगोली और मांडना से सजाना हमारी परंपरागत कला है। मधुबनी, वारली, फड़ और पिछवाई चित्रकला में तुलसी-शालिग्राम विवाह के दृश्य चित्रित किए जाते हैं।
निष्कर्ष: तुलसी विवाह का सांस्कृतिक संदेश बहुत गहरा है। यह पर्व हमें सिखाता है कि कन्या का विवाह एक पवित्र संस्कार है। यह बेटियों के सम्मान, प्रकृति की पूजा और परिवार की एकता का प्रतीक है। तुलसी को घर की बेटी मानकर उसका विवाह कराना, भारतीय संस्कृति की बेटी के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है।
इस प्रकार देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह केवल एक व्रत नहीं है, बल्कि यह धर्म, स्वास्थ्य, कला, संगीत और संस्कृति का सुंदर संगम है। यह पर्व हमें प्रकृति से जुड़े रहने, परंपराओं को जीवित रखने और समाज में प्रेम व एकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

स्वरचित मौलिक अप्रकाशित हैं।
मुन्ना राम मेघवाल।
कोलिया,डीडवाना,राजस्थान।
+918875650006.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *