
धनबाद, 30 जुलाई 2026।
महिला काव्य मंच, धनबाद इकाई द्वारा आयोजित मासिक ऑनलाइन काव्य गोष्ठी का सफल आयोजन, संस्थापक आ०नरेश नाज जी के संज्ञान में गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को सायं 7:00 बजे किया गया। कार्यक्रम साहित्यिक सौहार्द, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा काव्य-सृजन की सुंदर प्रस्तुति का साक्षी बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में महिला काव्य मंच की प्रदेश अध्यक्ष आदरणीया मोना बग्गा जी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में बोकारो इकाई अध्यक्ष आदरणीया काजल भालोटिया जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदरणीया डॉ. गीता विश्वकर्मा जी ने की। कार्यक्रम का संचालन सोनी बरनवाल एवं संयोजन धनबाद इकाई अध्यक्ष पूर्णिमा सुमन द्वारा किया गया।
गोष्ठी का विषय स्वैच्छिक रखा गया था, सरस्वती-वंदना कार्यक्रम अध्यक्ष ‘गीता विश्वकर्मा’ जी ने किया,उसके बाद सोनी बरनवाल के सुंदर संचालन में सभी रचनाकारों ने विविध भावभूमियों पर आधारित उत्कृष्ट काव्य-पाठ प्रस्तुत किए। प्रतिभागी रचनाकारों में सोनी बरनवाल, ममता सिंह, ज्योति बरनवाल, शालिनी झा, ममता पाण्डेय ‘मोहिनी’, डॉ. अनिता गोस्वामी, रिंकू दूबे’, माधवी कुमारी, डॉ. नीरा प्रसाद एवं सोनी कुमारी ने अपनी सशक्त एवं भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने सभी कवयित्रियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए निरंतर साहित्य-साधना के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. गीता विश्वकर्मा जी ने साहित्य को समाज का दर्पण बताते हुए संवेदनशील लेखन की आवश्यकता पर बल दिया।
अंत में धनबाद इकाई अध्यक्ष पूर्णिमा सुमन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी रचनाकारों तथा श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन साहित्यिक चेतना को सुदृढ़ करने तथा नवोदित रचनाकारों को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।












