
शरद पूर्णिमा की पावन रात,
चाँदनी बरसाए अमृत की सौगात।
नील गगन में चंदा दमके,
ज्योत्स्ना से धरती का आँगन चमके।
शीतल किरणें मन को भाएँ,
सोई संवेदनाएँ फिर मुस्काएँ।
मंद पवन जब गीत सुनाए,
मन का कोना-कोना महकाए।
चंद्र सुधा में भीगी रात,
प्रेम जगाए मधुरिम बात।
खीर की थाली, श्रद्धा-भाव,
मन में जागे भक्ति-स्वभाव।
चाँदनी केवल रूप निखारे,
प्रेम सुधा से मन को सँवारे।
द्वेष मिटे, सद्भाव सँवरे,
रिश्तों में विश्वास निखरे।
मन निर्मल हो, भाव पवित्र,
जीवन बने प्रेम का चरित्र।
शरद चाँदनी दे यह संदेश,
प्रेम-सुधा से महके परिवेश।
अमृत तो मन के भीतर है,
प्रेम जहाँ, सुख वहीं निहित है।
करुणा, ममता, स्नेह अपार,
इनसे जीवन बने गुलज़ार।
शरद पूर्णिमा का यही सार,
प्रेम-सुधा से महके संसार।
डॉ. सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार













