
मैने सपनों को अपने तिल तिल मरते देखा
आँसुओं में डूबे अरमानों को सहेजते देखा
मरते जिंदा इंसान की सूरत देखा
क्या कहूँ जीवन को कौड़ियों में बिकते देखा
मैने सपनों को अपने तिल तिल मरते देखा
जाने कौन सा ये दौर है मशीनी दिल मशीनी दिमाग है
इंसानी इल्म में फँसा पूरा सँसार ईमान से परे दगाबाज़ है
दौर है इंसान को रोटी के लिये खून को पसीने जैसा बहाते देखा
मैने सपनों को अपने तिल तिल मरते देखा
ख्वाहिशों के तूफान तले रौंदता एक दूजे को इंसान है
असीमित इच्छाओं के वशीभूत छलता आपस में इंसान है
अंधी इस दौड़ में आम आदमी को पिसते देखा
मैने सपनों को अपने तिल तिल मरते देखा
क्या कहूँ कि मुर्दों की इस बस्ती में कलम की स्याही भी सूख गई
अपनों की राख पर ही अपनों की मंज़िल तन गई
शब्दों से परे जज्बातों की एक नई इबारत गढ़ गई
इस उजड़े वीरान जलजले में इंसानी हुकूक की अर्थी निकलते देखा
मैने सपनों को अपने तिल तिल मरते देखा
तिलिस्मी इस दुनियाँ में समझ भी अब समझ से परे हो गई
बुराइयाँ अच्छाइयों से ऊपर हो गई
स्वार्थ और भटकाव से मन की आस अब छिटक सी गई
क्या कहूँ कि जीने के लिये पल पल में समझौता देखा
मैने सपनों को अपने तिल तिल मरते देखा
संदीप सक्सेना
जबलपुर म प्र













