
बचपन वाली दिवाली कितनी प्यारी हुआ करती थी! ऐसा लगता है मानो कुछ साल पहले की ही बात हो, लेकिन वक्त का पहिया देखिए, 23 साल से भी अधिक बीत गए। फिर भी आज जब दिवाली आती है, तो बचपन की वे सारी यादें आँखों के सामने ताजा हो जाती हैं।
दिवाली के दिन दादी और माँ के साथ गंगा स्नान करने जाना आज भी याद है। रास्ते में गंगा घाट के पास जरूरतमंद लोगों को देने के लिए दादी घर से ही खाने-पीने की चीजें और पहनने के कपड़े लेकर चलती थीं। उसके बाद हम सब मंदिर में एक साथ पूजा करते। आकाश के फूल, जो भगवान विष्णु को प्रिय माने जाते हैं, और आँवला अर्पित करते थे।
घर लौटने के बाद उस दिन सबको मिल-जुलकर काम करना होता था। दोपहर में ही मिट्टी के दीयों को पानी में भिगोकर रखा जाता, फिर उन्हें सुखाकर तेल और बाती डालकर शाम के लिए तैयार किया जाता था।
शाम होते ही सभी भाई-बहन नए कपड़े पहनकर सज जाते। अपने-अपने घरौंदे की सजावट देखकर मन खुशी से भर जाता। फिर आपस में कहते, “कल सबके घरौंदे देखने चलेंगे।”
घरौंदे की पूजा के लिए मिट्टी के छोटे-छोटे बर्तनों में पंचरंगी भूँजा भरकर रखा जाता और उन्हें रंगीन बताशों तथा शक्करपारे से सजाया जाता था। उन छोटी-छोटी चीजों में भी कितनी बड़ी खुशियाँ छिपी होती थीं!
फिर माँ को देखते कि वह घर के कोने-कोने में दीये रख रही हैं। छत पर, नल के पास, सीढ़ियों के पास, भुँड़की के पास, बाथरूम के पास और मंदिर में… घर का कोई कोना ऐसा नहीं छूटता था जहाँ दीपक की रोशनी न पहुँचती हो।
इसके बाद हम सभी भाई-बहन मिलकर पटाखे लेने दुकान जाते। लक्ष्मी पूजा के बाद सब एक साथ पटाखे जलाते। फिर पापा के साथ काली माता की प्रतिमा देखने निकलते। रास्ते में जलते दीयों के बीच मिर्ची पटाखे जलाते हुए जाना और चेहरे पर खिलती मुस्कान… वह खुशी आज भी यादों में वैसी ही बसी हुई है।
रात में परिवार के सभी लोगों के साथ बैठकर घर के स्वादिष्ट पकवान खाना और रातभर गूँजती पटाखों की आवाजें… सचमुच, बचपन की दिवाली का अपना ही आनंद था।
लेकिन इन खूबसूरत यादों के बीच कुछ ऐसी घटनाएँ भी जुड़ी हैं, जिन्हें आज भी याद करके मन ठहर जाता है।
एक बार दिवाली पर बुझा हुआ दीया जलाते समय मेरा ध्यान नहीं रहा कि मेरे हाथ में कई मिर्ची पटाखे रखे हुए हैं। उसी दौरान वे मेरे हाथ में ही फूट गए और मेरा हाथ बुरी तरह जल गया। बोरोलीन लगाकर किसी तरह रात गुजारी और सुबह पापा मुझे डॉक्टर के पास लेकर गए।
एक और दिवाली की घटना याद आती है। उस समय हम सभी भाई-बहन छोटे थे। मेरे छोटे पापा जी की कपड़े की दुकान थी। दुकान के ऊपर वाले हॉल में कुछ कपड़े बोरियों में बंद करके रखे हुए थे। बाहर दीये जल रहे थे। पता नहीं कैसे, उन कपड़ों में आग लग गई। जब लोगों की नजर पड़ी तो हल्ला मच गया। सभी ने मिलकर पानी डाला और किसी तरह आग बुझाई।
आज जब उन दिनों को याद करती हूँ, तो लगता है कि दिवाली सिर्फ दीप जलाने, मिठाइयाँ खाने और खुशियाँ मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह परिवार, संस्कार, प्रेम और आपसी सहयोग का भी पर्व है।
बचपन की दिवाली अब लौटकर तो नहीं आएगी, लेकिन उसकी यादें आज भी मन के आँगन में दीपक की तरह जगमगाती हैं।
बस, एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए—
त्योहार की खुशियाँ जरूर मनाएँ, लेकिन सावधानी के साथ। दीये और पटाखे जलाते समय बच्चों पर विशेष ध्यान दें, ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी रखें और सुरक्षित तरीके अपनाएँ।
क्योंकि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब हर घर में दीप जले और हर चेहरा मुस्कुराए।
कवयित्री ज्योति बरनवाल
नवादा (बिहार













